दुर्ग

महापौर परिषद की बैठक में कई कार्यों को मिली मंजूरी
08-Aug-2025 10:22 PM
महापौर परिषद की बैठक में  कई कार्यों को मिली मंजूरी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 8 अगस्त।
नगर पालिक निगम भिलाई के महापौर परिषद की बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता एवं आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय की उपस्थिति में आहूत की गई। बैठक में नगर निगम की महती योजना गोकुल नगर में निकलने वाले गोबर से बायो गैस प्लांट स्थापित किए जाने सहित परिषद ने अन्य प्रस्ताओं को स्वीकृति प्रदान की है।

महापौर परिषद के सदस्यों के समक्ष 19 एजेण्डा विचारार्थ प्रस्तुत किया गया। जिसमें प्रमुख रूप से बायो गैस प्लांट की स्थापना, हाइड्रोलिक एलिवेटर का किराया दर निर्धारण, निजी भवन/भूमियों के शुल्क में वृद्वि, वाटर एटीएम, सक्शन कम जेटिंग मशीन का किराया निर्धारण, जवाहर मार्केट का उन्नयन एवं विकास, जलकर, अभिमत प्रदाय, श्रमिक प्रदाय, पाइप लाईन एवं 15वें वित्त आयोग अंतर्गत प्रस्ताव शामिल है।

भिलाई निगम अंतर्गत गोकुल नगर में बायो गैस प्लांट की स्थापना, हाइड्रोलिक एलिवेटर का किराया दर निर्धारण एवं निजी भवनों/भूमियों के स्वत्वाधिकार के अंतरण के शुल्क में वृद्वि हेतु महापौर परिषद के सदस्यों से अपनी सहमति प्रदान की। वार्ड क्रं. 59 सेक्टर 05 सड़क 03 स्थित वाटर एटीएम की स्थानांतरण, सक्शन कम जेटिंग मशीन 9000 लीटर का किराया निर्धारण एवं जवाहर मार्केट का उन्नयन एवं विकास कार्य को मंजूरी दी गई। 

जलकर विषयक संशोधन, अभिमत/आपत्ति/अनापत्ति प्रदान करने जॉच प्रतिवेदन, निगम के जलकार्य विभाग में कुशल, अर्धकुशल एवं अकुशल श्रमिक उपलब्ध कराने एवं 2.72 एमएलडी जलशोधन संयंत्र से क्लीयर वाटर प्रदाय हेतु संपवेल, पम्प हाउस एवं राइजिंग मेन पाइप लाइन बिछाने के कार्य को महापौर परिषद के सदस्यों द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। 15वें वित्त आयोग ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के एसडीपी से मिलान कर शासन को प्रस्ताव प्रेषित करने एवं अन्य 3 एजेण्डा पर सदस्यों की सहमति मिली।   

 


अन्य पोस्ट