दुर्ग

साइंस कॉलेज की सुगंधा ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी इंलैण्ड में की भागीदारी
05-Aug-2025 5:39 PM
साइंस कॉलेज की सुगंधा ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी इंलैण्ड में की भागीदारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 अगस्त।
शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय दुर्ग के अंग्रेजी विभाग की स्नातकोत्तर कक्षा एम.ए. तृतीय सेमेस्टर की नियमित छात्रा सुगंधा सक्सेना ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय, इंग्लैंड से संबद्ध एक्सीटर कॉलेज द्वारा आयोजित इंग्लिश लिटरेचर समर स्कूल 2025 में हिस्सा लिया। यह जानकारी देते हुए अंग्रेजी विभाग की प्रमुख डॉ. मर्सी जॉर्ज ने बताया कि महाविद्यालय के इतिहास में प्रथम बार किसी छात्रा ने अकादमिक प्रोग्राम में विदेश में हिस्सा लिया है। इससे पूर्व खिलाड़ी छात्र भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए विदेशों में आयोजित खेल स्पर्धा में हिस्सा लिया करते थे।

डॉ. जॉर्ज ने बताया कि आक्सफोर्ड में 6 से 26 जुलाई तक आयोजित समर स्कूल में महाविद्यालय की छात्रा सुगंधा सक्सेना ने दो सेमीनार में अपने विचार प्रस्तुत करते हुए असाइन्मेंट जमा किए।
लगभग 3 सप्ताह के कोर्स के दौरान सुगंधा ने सामाजिक गतिविधियां एवं क्विज कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। सुगंधा सक्सेना ने बताया कि कोर्स के दौरान उन्हें शेक्सपीयर के जन्मस्थान का भ्रमण भी कराया गया।
सुगंधा ने अपनी इंग्लैण्ड यात्रा को अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि महाविद्यालय के अन्य विभागों के विद्यार्थियों को भी अवसर प्राप्त होने पर विदेश में आयोजित होने वाले अकादमिक प्रोग्राम में हिस्सा लेना चाहिए। इसके लिए सुगंधा ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली आईईएलटीएस परीक्षा भी उत्तीर्ण की।


अन्य पोस्ट