दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 अगस्त। मोहननगर थाना अंतर्गत सोमवार की सुबह दो बसें आपस में टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस बस बीच सडक़ पर पलट गई। वहीं यात्री बस का भी सामने का पूरा शीशा टूट गया। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मालवीय नगर चौक पर यह हादसा सुबह लगभग 6.30 बजे के आसपास की बताई जा रही है। दुर्ग पुलिस लाइन से बस जवानों को लेने के लिए निकली थी।
मालवीय नगर चौक पर कांकेर ट्रेवल्स की यात्री बस क्रमांक सीजी 19 एफ 2070 ने पुलिस बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से पुलिस बस बीच सडक़ पर पलट गई और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने के कुछ देर बाद मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कांकेट ट्रेवल्स की बस को जब्त कर लिया। टक्कर मारने के बाद कांकेर ट्रेवल्स की बस का चालक फरार हो गया। गनीमत यह रही कि बस यात्रियों को कुछ नहीं हुआ। पुलिस बस कुशाभाऊ ठाकरे भवन मालवीय नगर जा रही थी। यहां पंडित प्रदीप मिश्रा के कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए बुलाए गए अतिरिक्त बल को ठहराया था। पुलिस बस में केवल चालक था, जिसे चोटें आई हैं। फिलहाल मोहन नगर पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।


