दुर्ग
स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक कार्यक्रम की होगी प्रस्तुति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 जुलाई। प्रतिवर्ष की भांति स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त का आयोजन जिले में गरिमामयी एवं हर्षोल्लास के साथ जिला मुख्यालय अंतर्गत भिलाई स्थित प्रथम बटालियन ग्राउण्ड में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन प्रात: 9 बजे से किया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों में सुबह 8 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस के आयोजन के लिए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने अधिकारियों की बैठक में विभागवार जिम्मेदारी सौंपी है। जिला मुख्यालय में मुख्य समारोह स्थल में ध्वजारोहण पश्चात् परेड द्वारा सलामी दी जाएगी। परेड में जिला आरक्षक बल, विशेष बल, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, होमगार्ड, एनसीसी एवं स्काउट गाइड शामिल होंगे। इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए समिति बनाने तथा जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम तैयारी प्रारंभ करने कहा गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रम में सभी प्रदेश की सांस्कृतिक गतिविधियां समाहित हो।
कार्यक्रम स्थल में बेरिकेटिंग एवं बैठक व्यवस्था के लिए लोक निर्माण विभाग को, साफ सफाई, पेयजल, शौचालय सहित शामियाना, कुर्सियां, लाउडस्पीकर आदि की व्यवस्था के लिए नगर निगम भिलाई को, विशिष्ट अतिथियों के लिए आवश्यक व्यवस्था के लिए लोक निर्माण विभाग को, कार्यक्रम स्थल में चबूतरा निर्माण, झण्डे आदि की व्यवस्था के लिए लोक निर्माण व रक्षित निरीक्षक को जिम्मेदारी दी गई है।
मंच सजावट के लिए उद्यानिकी विभाग को विद्युत कनेक्शन, जनरेटर आदि की व्यवस्था के लिए नगर निगम एवं विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग को, सम्मानीय अतिथियों की बैठक व्यवस्था के लिए प्रभारी अधिकारी प्रोटोकॉल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को, ध्वजारोहण पश्चात् रंग बिरंगी गुब्बारे आसमान में छोडऩे के लिए उद्योग विभाग को दायित्व दिए गए हैं। मुख्य अतिथि का परेड निरीक्षण के लिए वाहन व्यवस्था हेतु पुलिस विभाग को, मुख्यमंत्री का संदेश वाचन के लिए पुस्तिका की व्यवस्था के लिए जनसंपर्क विभाग को कार्यक्रम स्थल में उद्घोषक के लिए शिक्षा, पर्यावरण एवं आदिवासी विकास विभाग को जिम्मेदारी दी गई है।
प्रमुख चौक-चौराहों पर देशभक्ति गीत-संगीत के प्रसारण के लिए नगर निगम दुर्ग-भिलाई को, कार्यक्रम का विडियो एवं फोटोग्राफी के लिए जनसंपर्क विभाग एवं खनिज विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। प्रथम बटालियन ग्राउण्ड में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण की व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक दुर्ग और लोक निर्माण विभाग को दी गई है। आमंत्रण पत्रों का मुद्रण एवं प्रोटोकॉल अनुसार वितरण के लिए सी.ई.ओ. जिला पंचायत, वरिष्ठ लिपिक शाखा, प्रोटोकॉल शाखा को जिम्मेदारी दी गई है।
कलेक्टर ने जिला स्तरीय अधिकारियों को जिला मुख्यालय में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन से संबंधित राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में शासन द्वारा विनिर्दिष्ट मंत्री द्वारा ध्वजारोहण किया जाकर परेड की सलामी ली जाएगी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संदेश का वाचन किया जाएगा। जीएडी के गाइड लाईन अनुसार ध्वजारोहण पश्चात परेड द्वारा सलामी दी जायेगी। परेड में पुलिस, नगर सेना, जेल प्रहरी, बीएसएफ, सीआईएससफ, एनसीसी एवं स्काउट गाइड भाग लेंगी।
कलेक्टर ने कहा कि यह ध्यान रखा जाए कि समारोह में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम गरिमामय एवं रूचिपूर्ण हों। 12 अगस्त को सुबह 9 बजे रिहर्सल होना है। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत् उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी सम्मानित होंगे। इसके लिए जिला कार्यालय प्रमुख अधिकारी 10 अगस्त तक कर्मचारियों की सूची अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराएं।
बैठक में सहायक कलेक्टर अभिजीत बबन पठारे, एडीएम वीरेन्द्र सिंह, जिला पंचायत सीईओ बीके दुबे, सभी नगर निगम आयुक्त, सभी एसडीएम, जनपद सीईओ सहित समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।


