दुर्ग

अब तक मात्र सवा 6 लाख क्विंटल धान की नीलामी
22-Jul-2025 6:21 PM
अब तक मात्र सवा 6 लाख क्विंटल धान की नीलामी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 22 जुलाई।  जिले के संग्रहण केन्द्रों को खरीफ 2024-25 कुल 25 लाख 17 हजार 263 क्विंटल धान प्राप्त हुआ। इनमें 1 लाख 86 हजार 291 क्विंटल धान संग्रहण केन्द्रों से मिलर्स को प्रदाय किया गया है। इस बार संग्रहण केन्द्रों में कस्टम मिलिंग के बाद बचे अतिरिक्त धान की नीलामी किया जाना है। मगर अब तक मात्र 6 लाख 26 हजार 836 क्विंटल धान की नीलामी हो पाई है। अब भी जिले के संग्रहण केन्द्रों में अभी 17 लाख 4 हजार 137 क्विंटल से अधिक धान उठाव के लिए शेष है, जिसका समय रहते उठाव नहीं होने पर बारिश में इसके खराब होने की संभावना है।

गौरतलब है कि जिले में कुल 57 लाख 61 हजार 71 क्विंटल धान किसानों से उपार्जित की गई थी। इनमें से 51 लाख 92 हजार 523 क्विंटल धान उपार्जन केन्द्रों से सीधे मिलर्स को कस्टम मिलिंग के लिए प्रदाय किए गए थे। वहीं 5 लाख 64 हजार 934 क्विंटल धान उपार्जन केन्द्रों से संग्रहण केन्द्रों को प्रदाय किया गया था।

 

लगभग 20 लाख क्विंटल धान जिले के संग्रहण केन्द्रों को अन्य जिलों के उपार्जन केन्द्रों से प्राप्त हुए थे। जिले में कस्टम मिलिंग के लिए कुल 156 मिलर्स पंजीकृत हैं। इनमें 149 ने उपार्जन केन्द्रों से धान उठाव किया था। इन मिलर्स द्वारा अब तक कस्टम मिलिंग का 27 लाख 12 हजार 180 क्विंटल चावल जमा किया जा चुका है। इनमें 1692593 एफसीआई एवं 474020 नान सेंट्रल एवं 545566 क्विंटल चावल नान स्टेट को जमा किया गया है।


अन्य पोस्ट