दुर्ग

जिले में सामान्य से 45 मिमी अधिक वर्षा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 जुलाई। पिछले पांच दिनों से जारी बारिश से खपरी जलाशय लबालब हो गया है। इसमें शत प्रतिशत जलभराव हो जाने बाद अब इसके वेस्ट वियर से पानी छलकने लगा है।
इसी प्रकार अन्य सभी जलाशयों का भी जल स्तर बढऩे लगा है। जिले में आज की स्थिति में सामान्य से लगभग 45 मिमी अधिक वर्षा हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक तांदुला जलाशय में कुल क्षमता 28 प्रतिशत जलभराव हो गया है। इसी प्रकार खरखरा 10, मटियामोती 17 एवं गोंदली में 26 प्रतिशत जल भराव हो गया है। इन जलाशयों में लगातार पानी का अच्छा आवक बना हुआ है। अच्छी बारिश के बाद कृषि कार्यों में गति आई है।
जिले में अब तक कुल 301.3 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है जो कि सामान्य वर्षा 257 मिमी से काफी अधिक है। आज भी जिले में आज भी 28.6 मिमी वर्षा हुई सबसे ज्यादा 51 मिमी वर्षा भिलाई 3 तहसील अंतर्गत दर्ज की गई। इसी प्रकार अहिवारा 33, दुर्ग 32.2, धमधा 28.4, बोरी 18 एवं पाटन तहसील में 9.1 मिमी वर्षा हुई। जिले में आज की तिथि में 117 प्रतिशत वर्षा हो चुकी है।
बाढ़ का खतरा बरकरार
वहीं शिवनाथ नदी में अभी भी बाढ़ का खतरा बरकरार है। शिवनाथ नदी पर स्थिति महमरा एनीकट के 9 फीट ऊपर से अभी भी पानी का बहाव बना हुआ है। उफनती शिवनाथ नदी को देखने महमरा एनीकट के पास भीड़ बढ़ती जा रही है। शिवनाथ अभी भी जलाशयों से 6000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।