दुर्ग

दुर्ग में दो सौ हेक्टेयर में की जाएगी प्राकृतिक खेती
29-Jun-2025 4:44 PM
दुर्ग में दो सौ हेक्टेयर में की जाएगी प्राकृतिक खेती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 जून।
जिले में दो सौ हेक्टेयर में प्राकृतिक खेती की जाएगी। इसके संबंध में नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिग योजनांतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें प्राकृतिक खेती में जैव उर्वरकों के संतुलन की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
भारत सरकार द्वारा राज्य में केन्द्र प्रवर्तित-नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजनांतर्गत दुर्ग जिले को 200 हेक्टेयर का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसका क्रियान्वयन जिले के विकासखण्ड-दुर्ग में 50 हेक्टेयर, पाटन 100 एवं धमधा में 50 हेक्टेयर क्षेत्र में नेचुरल फार्मिंग किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत आज कृषि विज्ञान केन्द्र अंजोरा, जिला-दुर्ग में एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण आयोजन किया गया,  इसमें लक्ष्यानुरूप 3 बायोइनपुट रिसोर्स सेंटर, 8 कृषि सखी एवं 1 फार्मर मास्टर ट्रेनर की सहभागिता रही।
 

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. व्ही.एन. खुने द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को सघन कृषि पद्धति में कमी, कार्बनिक पदार्थ का मृदा में कमी, मृदा गुणवत्ता की जानकारी एवं प्राकृतिक खेती में जैव उर्वरकों का संतुलन की जानकारी प्रदान की गई। इसी क्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. यू.के. पटेल द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को उर्वरक एवं कीटनाशी असंतुलन के कारण एवं दुष्परिणाम तथा फसलों में जैव उत्पाद जैसे-बीजामृत, जीवामृत, ब्रम्हास्त्र, वर्मी कम्पोस्ट, नाडेप कम्पोस्ट आदि के उपयोग की महत्व बताते हुए जीवामृत बनाने की विधि का प्रयोग कर दिखाया गया। इसमें 200 लीटर जीवामृत बनाने हेतु 100 कि.ग्रा. गोबर, 10 लीटर गौमूत्र, 2 कि.ग्रा. गुड़, 2 कि.ग्रा. बेसन एवं आधा कि.ग्रा. मिट्टी (बरगद/ पीपल के पास की काली मिट्टी) का उपयोग कर बनाने की विधि का प्रदर्शन किया गया। साथ ही नेचुरल फार्मिंग करने के तरीके से वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर.एल. साहू एवं फार्मर मास्टर ट्रेनर योगेश साहू द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को अवगत कराया गया।
इस दौरान कार्यक्रम समन्वयक डॉ. व्ही. एन. खुने, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. यू.के. पटेल, डॉ. एस.के. थापक, डॉ. आर.एल. साहू, कृषि विभाग से शाखा प्रभारी अनिल चंद्राकर एवं फार्मर मास्टर ट्रेनर द्वारा बायोइनपुट रिसोर्स सेंटर कृषि सखी एवं प्रगतिशील कृषकों को प्राकृतिक खेती संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन एवं जानकारी प्रदाय किया गया।


अन्य पोस्ट