दुर्ग
डरा धमका वसूले 2 करोड़, गहने-कैश जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 जून। दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर प्रार्थी और उसके परिवार से लगभग 2 करोड़ रूपये की सम्पत्ति लूटने वाले पति-पत्नी को वैशाली नगर पुलिस ने घटना की जानकारी के 5 दिन के भीतर धरदबोचा है।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि 13 जून को घटना की जानकारी पीडि़ता ने पुलिस को दी। आरोपी पति-पत्नी द्वारा प्रार्थी को ब्लैकमेल कर लगभग 2 करोड़ रूपये की वसूली की गई थी। गिरफ्तार आरोपी पति-पत्नी से ब्लैकमेलिंग एवं सेक्सटॉर्शन के जरिये प्राप्त नगदी रकम 16 लाख 45 हजार रुपये, सोने चांदी के जेवर एवं सोने के बिस्किट लगभग 80 लाख 49 हजार 200 रूपये, 25 लाख रूपये का एफडी, 35 लाख का बंगला, 2 दोपहिया वाहन एवं एक एक्सयूव्ही वाहन, 100 डॉलर विदेशी रकम एवं 3 मोबाईल बरामद कर लिया गया है।
सीएसपी ने बताया कि 13 जून को प्रार्थी ने थाना में उपस्थित हो लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराया कि आरोपी नीलिमा यादव उर्फ नीलम लहरे एवं उसके पति आनंद द्वारा अश्लील वीडियो बनाकर उसे, उसके परिजनों एवं अन्य लोगों को भेजकर बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग कर करोड़ों रूपये वसूल चुके हैं और अब भी बड़ी रकम की मांग की जा रही है।

पीडि़त के अनुबंध पत्र तथा मोबाईल चैट और वाईस रिकार्डिंग के आधार पर प्रथम दृष्टया आरोपी नीलिमा उर्फ नीलम लहरे एवं उसके पति आनंद के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुये वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना वैशाली नगर पुलिस टीम द्वारा आरोपी नीलिमा उर्फ नीलम लहरे एवं उसके पति आनंद की पता तलाश किया जाकर आरोपियों को हिरासत में ले अपराध के संबंध में विस्तृत पूछताछ किया गया।
आरोपी नीलिमा द्वारा अपने पति के साथ मिलकर प्रार्थी का अश्लील वीडियो बनाकर षडय़ंत्र पूर्वक ब्लैकमेलिंग कर प्रार्थी से करोड़ों रुपये वसूलना स्वीकार किया गया। नीलिमा उर्फ नीलम लहरे की निशानदेही पर ब्लैकमेलिंग के जरिये प्राप्त नगदी रकम, सोने चांदी के जेवर, सोने के बिस्किट, एफडी, बंगला, 2 दोपहिया वाहन एवं एक एक्सयुव्ही वाहन, डॉलर एवं 3 मोबाईल मय फर्जी सिम बरामद किया गया। आरोपीगणों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।


