दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 जून। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय दुर्ग के स्वशासी परीक्षा प्रकोष्ठ द्वारा स्वशासी स्नातकोत्तर द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर परीक्षा के समस्त परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। विद्यार्थी परीक्षा परिणाम महाविद्यालय की वेबसाईट अथवा स्वयं आकर नोटिस बोर्ड पर अवलोकन कर सकते हैं।
यह जानकारी देते हुए साइंस कॉलेज दुर्ग की स्वशासी परीक्षा प्रकोष्ठ की नियंत्रक डॉ. जगजीत कौर सलूजा ने बताया कि घोषित परीक्षा परिणामों में एम.ए. भूगोल, इतिहास, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, हिन्दी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र तथा एमएसडब्ल्यू एवं एम.कॉम. के अलावा विज्ञान संकाय के एम.एससी भौतिक, गणित, रसायन, वनस्पति शास्त्र, प्राणीशास्त्र, भूगर्भशास्त्र, माइक्रोबायलॉजी, बायोटेक्नालॉजी, पीजीडीसीए, एम.लिब आईएससी आदि शामिल है।
डॉ. जगजीत कौर सलूजा के अनुसार समस्त स्नातकोत्तर विषयों के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को तृतीय सेमेस्टर में अध्ययन हेतु महाविद्यालय में नियमित रूप से प्रवेश लेना होगा। तृतीय सेमेस्टर की नियमित कक्षाएं 23 जून से संचालित होना प्रस्तावित है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह के अनुसार स्नातक स्तर की प्रायोगिक परीक्षाएं 1 जुलाई से आरंभ होकर 10 जुलाई के बीच आयोजित होगी। प्रत्येक विद्यार्थी विभिन्न विभागों में अपनी प्रायोगिक परीक्षाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करने हेतु विभागों के नोटिस बोर्ड का अवलोकन करते रहें।


