दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 जून। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के सचिव अय्यूब खान ने राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं शिक्षा मंत्री से आग्रह किया है कि प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और उमस को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश को 15 दिन और बढ़ाया जाए तथा स्कूलों को 1 जुलाई से खोला जाए।
अय्यूब खान ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में तापमान अत्यधिक बढ़ा हुआ है, जिससे स्कूली छात्रों, विशेषकर छोटे बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इस गर्मी में बच्चों को स्कूल भेजना न केवल उनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है, बल्कि इससे अन्य कई समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर के पालक भी अपने-अपने माध्यमों से यही मांग कर रहे हैं कि राज्य सरकार इस विषय को गंभीरता से लेकर जल्द से जल्द निर्णय ले। वर्तमान में बार-बार बिजली कटौती हो रही है, जिससे स्कूलों में पंखे, कूलर आदि उपकरणों का संचालन भी बाधित हो सकता है। साथ ही, स्कूल बसों और अन्य वाहनों में भी अत्यधिक गर्मी के कारण बच्चों को असुविधा हो सकती है। अय्यूब खान ने राज्य सरकार से अपील की है कि वह इस संवेदनशील विषय पर तुरंत विचार करे और शासकीय एवं निजी दोनों प्रकार के स्कूलों में 15 दिन की अतिरिक्त छुट्टी घोषित करते हुए स्कूलों को 1 जुलाई से शुरू करने का आदेश जारी करें।


