दुर्ग

साइंस कॉलेज में प्रवेश की पहली सूची कल
16-Jun-2025 5:57 PM
साइंस कॉलेज में प्रवेश की पहली सूची कल

दुर्ग, 16 जून। प्रदेश के सबसे बड़े एवं नैक द्वारा ए प्लस ग्रेड मान्यता प्राप्त शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय दुर्ग में स्नातक स्तर पर बी.ए., बी,कॉम., बीसीए, बी.लिब. तथा बी.एससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु पहली सूची 17 जून को जारी होगी।
सूची में स्थान प्राप्त विद्यार्थी महाविद्यालय में 18 से 21 जून तक प्रवेश ले सकते हैं। यह जानकारी देते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार साइंस कॉलेज दुर्ग स्वशासी महाविद्यालय होने के कारण उनका प्रवेश पोर्टल पृथक से निर्मित किया गया है, जो विद्यार्थी साइंस कॉलेज दुर्ग में प्रवेश लेना चाहते है, उन्हें साइंस कॉलेज दुर्ग के पोर्टल पर ऑनलाइन रूप से आवेदन करना अनिवार्य है। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के पोर्टल पर आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को साइंस कॉलेज दुर्ग में प्रवेश नहीं मिल सकेगा।
डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि द्वितीय चरण में प्रवेश पोर्टल 18 जून से 22 जून तक ऑनलाइन आवेदन हेतु खुला रहेगा। इस अवधि में प्राप्त आवेदनों की मेरिट सूची 23 जून को जारी होगी और प्रवेश मेरिट सूची में स्थान प्राप्त विद्यार्थी महाविद्यालय में 28 जून तक प्रवेश ले सकेंगे। प्रवेश के तृतीय चरण में 24 जून से 30 जून तक साइंस कॉलेज दुर्ग का प्रवेश पोर्टल पुन: खोला जाएगा, जिसमें 1 जुलाई 2025 को प्रवेश सूची जारी होगी। सूची में स्थान प्राप्त विद्यार्थी 5 जुलाई तक प्रवेश ले सकेंगे। इन सूची के पश्चात भी यदि महाविद्यालय में स्थान रिक्त रहता है, तो प्रवेश पोर्टल 1 जुलाई से 7 जुलाई तक खोला जाएगा, जिसकी सूची 8 जुलाई को महाविद्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी तथा में उल्लेखित विद्यार्थी 14 जुलाई तक प्रवेश ले सकेंगे।
 

महाविद्यालय पोर्टल में अब तक प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों के आधार पर बी.ए. प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु 775, बीसीए में 215, बी.कॉम में 1185, बी.लिब आईएससी में 19 तथा बीएससी प्रथम सेमेस्टर हेतु 2131 आवेदन प्राप्त हुए है। इस प्रकार 14 जून 2025 तक महाविद्यालय में स्नातक स्तर के प्रथम सेमेस्टर में प्राप्त आवेदनों की कुल संख्या 4325 है। महाविद्यालय के भूगर्भशास्त्र के प्राध्यापक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि प्रवेश हेतु महाविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रत्येक कक्षा के लिए प्रवेश समितियां गठित कर दी गई है।
ये सभी समितियां ग्रीष्मावकाश के पश्चात 16 जून को महाविद्यालय में उपस्थित होने पर मेरिट की प्रवेश सूची निर्माण का कार्य संपादित करते हुये संपूर्ण प्रवेश प्रक्रिया का संपादन करेंगी।


अन्य पोस्ट