दुर्ग
सभी वर्गों से चार-चार खिलाडिय़ों का चयन राज्य चैंपियनशिप के लिए
दुर्ग, 16 जून। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के निर्देशन में जिला शतरंज संघ द्वारा नगर निगम के सहयोग से स्वामी विवेकानंद भवन में आगामी 27 जून से दो दिवसीय दुर्ग जिला सीनियर वर्ग महिला वर्ग एवं अंडर 15 बालक एवं बालिका वर्ग शतरंज चयन चैंपियनशिप का आयोजन किया गया है। जिला शतरंज संघ दुर्ग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत एवं सचिव तुलसी सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु महापौर अल्का बाघमार ने आयोजन हेतु स्वामी विवेकानंद भवन को नि:शुल्क उपलब्ध कराने की सहमति प्रदान की है। उक्त आयोजन 22 जून को होने वाला था परन्तु अपरिहार्य कारणों से यह आयोजन अब 27 एवं 28 जून को होगा। सीनियर एवं महिला वर्ग में चार चार खिलाडिय़ों का चयन तथा अंडर 15 बालक एवं बालिका वर्ग में भी चार चार खिलाडियों का चयन किया जाएगा। ये सभी चयनित खिलाड़ी भिलाई में आयोजित राज्य शतरंज चैंपियनशिप में दुर्ग जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन सभी चयनित खिलाडिय़ों का प्रवेश शुल्क जिला शतरंज संघ दुर्ग द्वारा दिया जाएगा।


