दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 जून। छावनी थाना अंतर्गत एक लोक कलाकार महिला पर गरम तेल से अटैक करने के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में छावनी थाना पुलिस की टीम लगी हुई है। इस घटना में महिला का चेहरा और गर्दन समेत शरीर का अन्य हिस्सा झुलस गया। आरोपी महिला पर शादी के लिए दबाब बना रहा था। इंकार करने पर एसिड से हमला करने की धमकी दी थी। आरोपी ने खौलता तेल महिला पर डाल दिया। शिकायत पर पुलिस ने धारा 124 (2), 296, 351 (3) के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस प्रवक्ता एलेक्जेंडर कीरो ने बताया कि पीडि़ता केंप 1 नेहरू चौक भिलाई में रहती हैं और वह लोक कलाकार हैं। पड़ोसी राकेश साहू ने शादी करने का प्रस्ताव महिला के समक्ष रखा था, परंतु महिला द्वारा शादी करने से मना कर दिया था। इसके बाद से आरोपी राकेश साहू उसे धमकाते रहता था और कहता था कि तेरे चेहरे में एसिड डाल दूंगा, जान से मार दूंगा।
महिला ने जिसकी रिपोर्ट थाना छावनी में दर्ज करायी थी। महिला लोकदर्पण कार्यक्रम के लिए उत्तरप्रदेश मिर्जापुर में 15 अप्रैल 2025 से गई थी। 12 जून 2025 को शाम 4.30 बजे अपनी बेटी के साथ वापस अपने घर केम्प 01 नेहरु चौक आई थी। घर का दरवाजा खोल रही थी। उसी समय मोहल्ले का राकेश साहू आया और शादी से मना करने की बात को लेकर गाली गलौज करने लगा।
हाथ में स्टील की कटोरी में रखे गरम तेल को महिला के शरीर में फेंक दिया। इसकी वजह से उसके चेहरे का आधा हिस्सा, गर्दन और छाती झुलस गई। महिला के शोर मचाने पर आरोपी राकेश साहू मौके से भाग गया। महिला का उपचार शासकीय अस्पताल दुर्ग में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


