दुर्ग

भारत जापान को पीछे छोड़ते हुए चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है-तोखन साहू
13-Jun-2025 3:25 PM
भारत जापान को पीछे छोड़ते हुए चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है-तोखन साहू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 13 जून। केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि केन्द्र सरकार की 11 साल का कार्यकाल स्वर्णिम रहा है। यह कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहा है।

इस कार्यकाल में कई बड़े संकल्प लिए गए। जो संकल्प सिद्धि की ओर आगे बढ़े है। केन्द्र सरकार द्वारा  अनेक योजनाओं और महत्वपूर्ण निर्णय से 11 साल के कार्यकाल में देश को संवारने कार्य किया गया है। मोदी सरकार की हर योजना के केन्द्र में जन कल्याण और आम नागरिक के जीवन को आसान करने साथ-साथ देश को वैश्विक स्तर पर नया आयाम देने की भावना रही है। बीते 11 वर्षों में मोदी सरकार ने न केवल देश की सीमा सुरक्षित की, बल्कि अर्थव्यवस्था को मजबूत किया और टेक्नोलॉजी को जन-जन तक पहुंचाया। केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय में  मीडिया को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं।

केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि आज हमारा भारत जापान को पीछे छोड़ते हुए चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जर्मनी को पीछे छोड़ते हुए तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनने के करीब है। श्री साहू ने एक सवाल के जवाब में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण भाजपा ने ही किया है और हमने ही राज्य को संवारा है। किसान खुशहाल हुआ है। सडक़ों का जाल फैलाया गया है। पीएम आवास से गरीबों का अपने घर का सपना साकार किया गया है। प्रदेश में 3 करोड़ पीएम आवास बनाए गए है। जिसमें 2 करोड़ ग्रामीण एवं 1 करोड़ शहरी क्षेत्र में निर्माण करवाए गए है।

 

छत्तीसगढ़ में मोदी की गारंटी को प्राथमिकता के साथ पूरा किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में छत्तीसगढ़ अहम भूमिका निभाएगा। इसके लिए हमने विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। हम पीएम मोदी के नेतृत्व में ऐसा भारत का निर्माण करने जा रहे है। जहां प्रत्येक भारतवासी के विकास की आकांक्षा पूरी होगी। मीडिया से चर्चा के दौरान सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, पूर्व मंत्री रमशिला साहू, महापौर अलका बाघमार, प्रदेश तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, जिला भाजपा उपाध्यक्ष राजेन्द्र पाध्ये, मीडिया प्रभारी राजा महोबिया, भाजपा प्रवक्ता दिनेश देवांगन, भाजपा नेता अजय तिवारी, दिलीप साहू, नारायणदत्त तिवारी, सरिता मिश्रा भी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट