दुर्ग
कहा-महतारी वंदन का एक हजार भले ले लो मगर शराब भ_ी नहीं चाहिए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 जून। शराब दुकान को लेकर बघेरावासियों एवं आसपास ग्रामों के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रस्तावित शराब भट्टी के विरोध में लामबंद बघेरावासी सहित मोहलाई, पीपरछेड़ी, कोटनी व नगपुरा के ग्रामीण बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट घेराव करने पहुंचे, जहां उन्होंने वार्ड 56 बघेरा में प्रस्तावित शराब भट्टी लेकर आपत्ति इसमें बड़ी संख्या में शामिल ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में कहा कि महतारी वंदन का एक हजार भले ले लो मगर शराब भ_ी नहीं चाहिए। प्रदर्शन में शामिल आक्रोशित लोगों ने दुर्ग शहर व दुर्ग ग्रामीण विधानसभा विधायक के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।
वार्ड 56 बघेरा के पार्षद ललित ढीमर के नेतृत्व में पहुंचे वार्डवासियों ने कहा कि बघेरा दुर्ग में शराब भट्टी खुलना प्रस्तावित है, जिसका वे सब बघेरा वार्ड वासी के मोहलाई, कोटनी, पीपरछेड़ी एवं नगपुरा के ग्रामीण इसका विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि बघेरा में ब्रम्हाकुमारी द्वारा संचालित आध्यात्मिक आनंद सरोवर में महिलाओं, बच्चों व बूढ़ों का आना जाना लगातार होते रहने के कारण शराब दुकान की वजह से आनंद सरोवर बघेरा क्षेत्र की शांति भंग हो जाएगी।
बघेरा की अधिकांश कृषि भूमि रेल्वे पटरी पार होने से अकेली महिलाओं का खेतों में आना-जाना एवं काम करना असुरक्षित हो जाएगा। पूर्व में अर्जुन ढाबा के पास एक खेतीहार महिला की हत्या भी हो चुकी है वहीं रात में लूटपाट होते रहता है। उनका कहना है कि बघेरा शास. स्कूल का नाम दुर्ग जिला में अग्रणी होने से बघेरा के अलावा आस पास के गांव, नयापारा, मोहलाइ, कोटनी, पिपरछेड़ी, नगपुरा के बच्चें शिक्षा ग्रहण करने आते जाते रहते हैं जिन बच्चों पर शराब दुकान के कारण गलत प्रभाव पड़ेगा। बगदई मंदिर व इंडियन किड्स स्कूल में गयानगर, राजीव नगर, शंकर नगर, 5 बैगापारा, मठपारा आदि स्थानों से बच्चे शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। उन्हें भी दिक्कत होगी। वहीं नेशनल हाइवे मुंबई-कोलकत्ता बाईपास दुर्घटना जनित क्षेत्र है।
विरोध प्रदर्शन करने वालों ने कहा कि ग्राम बघेरा वार्ड 56 से 2 कि.मी. की परिधि पर 6 शराब भटटी पहले से संचालित है इनमें नयापारा 1.5 ,गंजपारा 1.8 ,उरला -1.4, टोलप्लाजा लेप्ट साइड 1.8, टोलप्लाजा राइड साइड 1.8 एवं रेल्वे स्टेशन ग्रीन चौक शराब भठ्ठी 1.8 कि.मी. की दूरी पर है। उपरोक्त तथ्यों को देखते हुए साथ समस्त वार्डवासी वार्ड 56 बघेरा एवं महोलाई, कोटनी एवं नगपुरा के जनभावना को ध्यान में रखते हुए बघेरा के अंतर्गत किसी भी क्षेत्र पर प्रस्तावित शराब भट्टी खुलने के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से निरस्त की जाए। इस दौरान आसपास ग्रामों के अनेक सरपंच एवं पंचायत प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।


