दुर्ग

घर में चोरी, नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
10-Jun-2025 3:18 PM
घर में  चोरी, नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

उतई, 10 जून। उतई पुलिस ने दबिश देकर घेराबंदी कर चोरी के नाबालिग समेत 5 आरोपियों को नेवई से गिरफ्तार किया। आरोपी चोरी के सोने के आभूषण एवं मोबाईल को बेचने के लिए ग्राहक  तलाश रहे थे। त्रिनयन एप एवं सीसीटीवी फुटेज के सहयोग से आरोपी पकड़े गए।

पुलिस के अनुसार 7 जून को प्रार्थी शशी कुमार उपाध्याय उमरपोटी ने थाना उतई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 जून को इनके घर गृह प्रवेश एवं पूजा कार्यक्रम था, जो सम्पन्न होने के बाद रात्रि में घर वाले मेहमान करीब एक बजे सो गए। सुबह 4 बजे प्रार्थी का भांजा उठा तो देखा कि घर का गेट खुला था। घर के अंदर सामान चेक करने पर सोने के आभूषण एवं 3 मोबाईल को किसी अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ले गया है। प्रार्थी के रिपोर्ट पर धारा 331(4), 305(2) बीएनएस के तहत् अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं अपराधियों की धर पकड़ के निर्देश दिये गये। निर्देश के परिपालन में उपरोक्त नकबजनी के आरोपियों की पता तलाश हेतु विशेष टीम का गठन किया गया एवं घटना स्थल तथा उमरपोटी व नेवई क्षेत्र में लगे करीबन 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गये।

 संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर अपना नाम अमित पाण्डेय, गौरव यादव उर्फ आसू, सुमीत पाल एवं एक अन्य अपचारी बालक सभी निवासी स्टेशन मरोदा एचएससीएल कॉलोनी थाना नेवई जिला दुर्ग,  सलमान कुरैशी राजनांदगांव का रहने वाला बताया।

आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर दिनांक घटना को प्रार्थी के मकान से सोने के आभूषण एवं 3  मोबाईल को चोरी करना स्वीकार किये। चोरी किए सोने के आभूषण गले का हार कीमती 2,00,000 रू. एवं 3 मोबाईल जुमला कीमती 3,17,000 रू. को आरोपियों के कब्जे से बरामद कर जब्त किया गया। 
8 जून को सभी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया एवं अपचारी बालक को बाल संपे्रक्षण गृह में भेजा गया।
 

 


अन्य पोस्ट