दुर्ग

शासकीय काम में बाधा, गिरफ्तार
07-Jun-2025 4:18 PM
शासकीय काम में बाधा, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 जून।
शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर निगम के कर्मचारियों के साथ गाली गलौज व पत्थर से हमला करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना वैशाली नगर पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया है।

पुलिस ने बताया कि प्रार्थी मदन मोहन तिवारी निवासी नगर निगम जोन 2 कार्यालय वैशाली नगर ने लिखित आवेदन देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराया था कि नगर पालिका निगम भिलाई के वार्ड 14 शांति नगर में थाना वैशाली नगर के भवन निर्माण हेतु शासकीय भूमि आवंटित हुआ है, जिसमें राजस्व निरीक्षक कोहका के प्रतिवेदन अनुसार 56,000 वर्ग फीट की भूमि में कुछ लोगों द्वारा बाउंड्री वॉल, शेड निर्माण कर अवैध कब्जा किया गया था। जिसे हटाने के लिए अतिरिक्त तहसीलदार भिलाई निगम द्वारा  शासकीय जमीन में किए गए कब्जा हटाने तीन बार सूचित किया जा चुका था। इसके बाद भी अवैध कब्जा नहीं हटाने से 2 जून को पुलिस बल, जोन राजस्व के संयुक्त अमले की उपस्थिति में कार्रवाई की गई।

 

उक्त कार्रवाई के दौरान देवेंद्र विश्वनाथ शर्मा के मकान के निवासी किराएदार सलीना एवं सदरूद्दीन अंसारी द्वारा बेदखली कार्रवाई के दौरान निगम कर्मचारियों को गाली गलौज कर पत्थर तथा डंडा से हमला करने की कोशिश की गई। मामले की विवेचना के दौरान वैशाली नगर पुलिस टीम द्वारा आरोपी सलीना एवं आरोपी सदरूद्दीन अंसारी को पकडक़र थाना लाया गया। पूछताछ में उन लोगों ने अपना जुर्म स्वीकार किया।


अन्य पोस्ट