दुर्ग
अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत होने से 1900 उपभोक्ता होंगे लाभान्वित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जून। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को पर्याप्त वोल्टेज के साथ निर्बाध विद्युत सप्लाई देने के लिए अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर लगाकर उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जा रही हैं।
इसी तारतम्य में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र द्वारा जिले के छावनी जोन अंतर्गत स्थित 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेंद्र (सबस्टेशन) घासीदास नगर में 96 लाख 62 हजार रुपए की लागत से 05 एम.व्ही.ए. के अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर लगाकर उर्जीकृत किया गया, जिससे उपकेंद्र की क्षमता बढक़र 10 एम.व्ही.ए. हो गई है। उक्त कार्य के होने से उपकेंद्र के अंतर्गत लगभग 1900 उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत की आपूर्ति होगी।
उल्लेखनीय है कि उपकेंद्र में एक नग 05 एम.व्ही.ए. का पॉवर ट्रांसफार्मर पूर्व से ही स्थापित है। 05 एम.व्ही.ए. के अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर लगने से उपकेंद्र की क्षमता बढक़र 10 एम.व्ही.ए. हो गई है, जिससे ओवरलोड की समस्या के निराकरण के साथ ही उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति प्रदान की जा सकेगी।
अधीक्षण अभियंता शहर वृत्त जे.जगन्नाथ प्रसाद ने बताया कि उपकेंद्र में अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर लगने से भिलाई शहर के लगभग 1900 उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज एवं ओवर लोडिंग की समस्या से राहत मिलेगी एवं सभी घरों तक उच्च गुणवत्ता की बिजली पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढऩे से छावनी जोन के अंतर्गत हाऊसिंग बोर्ड वार्ड क्रमांक 24 एवं 25, अटल आवास, घासीदास नगर वार्ड क्रमांक 23 एवं औद्योगिक क्षेत्र के उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता संजय खंडेलवाल ने कार्यपालन अभियंता परियोजना डी.के. भारती एवं कार्यपालन अभियंता एसटीएम एस.के. राय और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए बताया कि पॉवर कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाने के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि सबस्टेशन की क्षमता बढऩे से उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।


