दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 मई। नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल ने शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया है। बीते सात दिनों से प्लेसमेंट और मिशन क्लीन सिटी वर्कर अपनी ज्वलंत मांगों को लेकर निगम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे हैं। अब पूरे दुर्ग शहर में चरमराई हुई सफाई व्यवस्था से जनता परेशान है, लेकिन निगम प्रशासन अब तक मौन है। लेकिन आज, इस आंदोलन को वो मजबूती मिली जो अक्सर बड़े बदलाव की शुरुआत होती है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अरुण वोरा ने स्वयं धरना स्थल पहुंचकर कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया। धरना स्थल से निगम और जिला प्रशासन को कड़ा संदेश देते हुए वोरा ने कहा, सफाई कर्मी शहर व्यवस्था को व्यवस्थित करने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी मांगों को किसी भी कीमत पर अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए। निगम प्रशासन और जिला प्रशासन को कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता दिखानी चाहिए।
अरुण वोरा ने निगम की महापौर व आयुक्त से इस विषय में सीधी बातचीत की और शीघ्र समाधान की मांग रखी। साथ ही धरना स्थल से ही मंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के साथ मुख्यमंत्री से संपर्क कर शहर की स्थिति सुधारने की अपील की। वोरा ने कलेक्टर अभिजीत सिंह से फोन पर बातचीत की।


