दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 मई। ड्रीम इलेवन क्रिकेट में काम दिलाने के नाम पर युवक का अपहरण करने वाले मामले में एक और आरोपी को पकडऩे में दुर्ग पुलिस को सफलता मिली है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी प्रहलाद शाह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भतीजे रजत शाह के मोबाइल पर से व्हाट्सएप कॉल करके कोई अनजान व्यक्ति पैसे की लेनदेन की बात को लेकर उसके भतीजे को पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। आरोपियों द्वारा भतीजे का अपहरण कर लिया गया है और फिरौती की रकम 5 लाख रुपए मांगी जा रही है।
इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बोकारो से दो आरोपी राहुल पासवान एवं सिमरन को गिरफ्तार कर पुणे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था, वहीं अन्य आरोपी फरार थे।
पुलिस की टीम फरार आरोपियों की तलाश में लगी हुई थी। टीम ने आरोपी शिव उर्फ शिवेंद्र तिवारी को भी पकड़ कर पूछताछ में लिया। उसने बताया कि सिमरन के साथ इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी जान पहचान हुई थी। सिमरन ने उसे कहा था कि क्रिकेट सट्टा का काम दूंगी कोई होगा तो बताना। इस पर उसने भिलाई के क्रिकेट सटोरियों से संपर्क कर सिमरन को सटोरियों के नंबर दिया था। पुलिस ने आरोपी शिवेंद्र तिवारी 25 वर्ष निवासी सडक़ 37 सेक्टर 7 हाल मुकाम गांधीनगर दीक्षित कॉलोनी कोसा नगर सुपेला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।


