दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 मई। पूर्व विधायक अरुण वोरा आज रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे, वहाँ द्वारका शारदा पीठाधीश्वर, शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज के आगमन के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
शंकराचार्य महाराज का रायपुर आगमन, बोरियाकला स्थित जगद्गुरु शंकराचार्य आश्रम में आयोजित परम पूज्य ब्रह्मलीन धर्मसम्राट स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज की श्रीविग्रह (मूर्ति) अनावरण महोत्सव के अंतर्गत हुआ है, जो 22 मई गुरुवार को बड़े भक्तिभाव और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न होगा।
इस दौरान अरुण वोरा ने पूज्य स्वामी को प्रणाम करते हुए कहा कि ऐसे अद्वितीय संत का छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर आगमन हम सभी के लिए परम सौभाग्य की बात है।
इस महोत्सव में उत्तराम्नाय ज्योतिष पीठाधीश्वर, श्रीमज्जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का भी आगमन 21 मई को प्रस्तावित है। विशेष कार्यक्रम - श्रीविग्रह अनावरण महोत्सव 22 मई गुरुवार, स्थान- श्री जगद्गुरु शंकराचार्य आश्रम, बोरियाकला, रायपुर। मूर्ति अनावरण प्रात: 11 बजे, भोग भंडारा दोपहर 12.30 बजे, आशीर्वाद सभा सायं 5 बजे, नाटक पूज्य महाराज जी के जीवन पर आधारित चित्रण रात्रि 7.30 बजे।


