दुर्ग
आगामी दिनों में तापमान में वृद्धि की संभावना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 मई। दुर्ग में एक बार फिर पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आज फिर प्रदेश में दुर्ग सबसे ज्यादा गर्म रहा। वहीं मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में वृद्धि की संभावना बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार जिले में आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि लगभग सामान्य के बराबर है जबकि बिलासपुर में 41.3 एवं रायपुर में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं दुर्ग में आज का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 2 डिग्री अधिक है।
तापमान बढऩे के साथ उमस भरी गर्मी भी बढ़ गई है। लोग उमस भरी गर्मी की वजह से बेचैन रहे। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है।
वहीं 13 मई को भी अधिकतम तापमान 42 एवं न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है। विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ अब पंजाब व आसपास क्षेत्रों में 3.1 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जा रहा है, जिसके मध्य क्षोभ मंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक द्रोणिका है जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.3 किमी ऊपर है। वहीं दक्षिण पश्चिम मानसून के लिए स्थितियां अनुकूल हो रही है। विभाग ने एक दो स्थानो में मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है।


