दुर्ग

जिला अस्पताल में सडक़ दुर्घटना रिपोर्टिंग के लिए विशेष काउंटर
09-May-2025 4:17 PM
जिला अस्पताल में सडक़ दुर्घटना रिपोर्टिंग के लिए विशेष काउंटर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 मई।
आम नागरिकों की सुविधा और सडक़ सुरक्षा में सुधार के उद्देश्य से जिला अस्पताल में एकीकृत सडक़ दुर्घटना डेटाबेस परियोजना (आईआरएडी) के अंतर्गत एक विशेष रिपोर्टिंग काउंटर की स्थापना की गई है। यह पहल राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) दुर्ग के सुझाव पर की गई है। इस विशेष काउंटर की मदद से सडक़ दुर्घटनाओं की सूचना त्वरित और सही तरीके से दर्ज की जा सकेगी, ताकि उसे आईआरएडी पोर्टल में समय रहते प्रविष्ट किया जा सके। यह पहल सडक़ दुर्घटनाओं के प्रभावी प्रबंधन और रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

क्या है आईआरएडी परियोजना
एकीकृत सडक़ दुर्घटना डेटाबेस परियोजना(आईआरएडी), भारत सरकार की एक डिजिटल पहल है, जिसका उद्देश्य सडक़ सुरक्षा को बढ़ावा देना है। इस परियोजना के तहत पुलिस कर्मी मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से दुर्घटना की सूचना फोटो और वीडियो सहित दर्ज कर सकते हैं। हर घटना के लिए एक विशिष्ट आईडी जारी की जाती है। लोक निर्माण विभाग या स्थानीय निकाय के इंजीनियर को उसी क्षण अलर्ट मिलता है, जिससे वे मौके पर जाकर जांच कर सकते हैं। सडक़ की बनावट और अन्य तकनीकी विवरण दर्ज किए जाते हैं, जो आगे डेटा विश्लेषण और सुधार कार्यों में सहायक होते हैं।

आईआरएडी से नागरिकों को होने वाले तात्कालिक लाभ
एम्बुलेंस और पुलिस समय पर पहुंचती है, जिससे गंभीर घायलों की जान बच सकती है। आम नागरिक मोबाइल ऐप के ज़रिए सीधे दुर्घटना की सूचना दे सकते हैं। हादसे से संबंधित सटीक जानकारी बीमा दावों व कानूनी कार्यों में मददगार होती है। दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर नागरिकों को सचेत किया जाता है, जिससे आगे दुर्घटनाएं टल सकती हैं।


अन्य पोस्ट