दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 27 अप्रैल। पिछले दिनों जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 28 लोगों की नृशंस हत्या के विरोध में कुम्हारी भाजपा मंडल द्वारा बाजार चौक में आतंकवाद और पाकिस्तान का पुतला फूंका गया। उपस्थित सभी लोगों ने पाकिस्तान के इस कृत्य को कायराना हरकत बताया।
अवधेश शुक्ला ने कहा कि पाकिस्तानी आतंकियों का यह दुस्साहस भारत कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। हरिदास वैष्णब ने कहा कि निर्दोषों की हत्या कर पाकिस्तान ने यह साबित कर दिया है कि इस मुल्क के साथ कभी भाईचारा और अमन चैन की बात सोचना भी बेमानी है।
मनोज वर्मा ने कहा कि पाकिस्तान के इस कायराना हरकत का जवाब भारत जरूर देगा। रामाधार शर्मा ने कहा कि धर्म पूछकर जिन्होंने निर्दोष लोगों का कत्लेआम किया है इसकी भारी कीमत उन्हें चुकानी पड़ेगी।
पालिकाध्यक्ष मीना वर्मा ने कहा कि पहलगाम में 28 निर्दोष लोगों की हत्या कर आतंकवादियों ने यह साबित कर दिया है कि इनका कोई दीन धरम और ईमान नही है इनके आका पाकिस्तान को इसका परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। रामकुमार सोनी ने कहा कि आज पूरी दुनिया पाकिस्तान के इस शर्मनाक हरकत पर उसके खिलाफ है वो दिन दूर नहीं जब विश्व के नक्शे से पाकिस्तान गायब हो जाएगा।
मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिन्हा ने कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा निर्दोष भारतीय सैलानियों का कत्लेआम देश कभी बर्दाश्त नही करेगा इसका मुहतोड़ जवाब दिया जाएगा। देश ही नही पूरी दुनियां के लोग पाकिस्तान की इस घिनौनी हरकत के लिए उसे गालियां दे रहे हैं पाकिस्तान की इस हरकत का भारत मुहतोड़ जवाब देगा।
इमरान रिज़वी ने कहा कि पाकिस्तान के इन आतंकियों ने जिन निर्दोष देशवासियों का खून बहाया है इसका अंजाम भी भुगतने को तैयार रहे। धर्म के नाम पर निर्दोषों की हत्या कर पाकिस्तान ने यह साबित कर दिया कि वह आतंकियों का पनाहगार है हम इसका जवाब जरूर देंगे। उपस्थित सभी ने दो मिनट का मौन रखकर मृतात्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर रघुनाथ देशमुख और सुनीता कुर्रे ने भी अपनी बात कही।
विरोध करने वालों में फिंगेश्वर साहू, नारायण सोनकर, गोविंद बघेल, उमाकांत साहू, सुमित द्विवेदी, रेशम बंजारे, डिकेश साहू ,पंकज वर्मा एवं तिलक परिहार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।


