दुर्ग

मनरेगा कर्मचारियों को कई महीने से वेतन नहीं
10-Mar-2025 3:00 PM
मनरेगा कर्मचारियों को कई महीने से वेतन नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 10 मार्च। जिले में मनरेगा के तहत कार्यरत कर्मचारियों को पिछले कई महीने से वेतन के लाले पड़े हुए हैं। मनरेगा कर्मचारियों 3 माह से वेतन नहीं मिला है। त्यौहार के पहले वेतन नहीं मिला तो इन कर्मचारियों की होली फीकी रह सकती है।

जानकारी के अनुसार मामले में कलेक्टर को भी कर्मचारियों की ओर से ज्ञापन सौंपा जा चुका है। कर्मचारियों का कहना है कि 3 माह का वेतन तो नहीं मिला है और अब चौथा महीना होने जा रहा है। जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत ढाई सौ से अधिक रोजगार सहायक कार्यरत हैं। इसके अलावा जिले के धमधा ,दुर्ग, पाटन जनपद पंचायतों तथा जिला पंचायत कार्यालय के मनरेगा शाखा में एपीओ, पीओ, डाटा इंट्री आपरेटर, सहायक गेड 3, लेखापाल सहित विभिन्न पदों पर सवा सौ से अधिक कर्मचारी कार्यरत है। केवल मनरेगा तहत कार्यरत तकनीकी सहायकों को ही मटेरियल के पैसे से वेतन भुगतान हो पा रहा है।

कर्मचारियों का कहना है कि महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सामने होली का त्यौहार है यदि उन्हें वेतन नहीं मिला वे और उनके परिवार की होली कैसी रहेगी, इसका सहज अंदाज लगाया जा सकता है। उन्होंने बकाया वेतन जल्द भुगतान करने एवं इसके साथ ही आगे हर माह नियमित रूप से वेतन भुगतान करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट