दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 मार्च। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दुर्ग जिला के शैलदेवी महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होकर उपस्थित नारीशक्ति से संवाद किया।
इस अवसर पर समस्त नारी शक्ति को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा आज महिलाएं हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हंै, राजनीति, विज्ञान, खेल या फिर कला और व्यापार हर जगह महिलाएं आगे बढक़र सफल कार्य कर रही हैं, आज आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, खेल हर क्षेत्र महिलाओं की उपलब्धियों से भरा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला सशक्तिकरण पर लगातार ज़ोर देते आ रहे उन्होंने महिलाओं के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण सुनिश्चित किया है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है जिससे आज भारत में महिलाओं का राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक सशक्तिकरण के साथ बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों से बहन-बेटियों का शैक्षणिक सशक्तिकरण भी हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर देश की सभी बहनों को शुभकामनाएं देती हूं और आप सभी से आग्रह करती हूं आज के दिन हम सब मिलकर महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए संकल्पित हों, ताकि वे निर्भीक होकर अपने सपनों को साकार कर सकें।