दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 मार्च। खाद एवं औषधि प्रशासन दुर्ग द्वारा औषधियों की गुणवत्ता की जांच करने के लिए औषधि म्यूकारिल के नमूने को खाद्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया था जहां से अवमानक होने पर कार्रवाई करते हुए सिक्किम की औषधि विनिर्माण अनुज्ञप्ति स्विस गार्नियर जेनेक्सिया प्राइवेट लिमिटेड सिक्किम को 15 दिवस के लिए निलंबित किया गया है। खाद एवं औषधि विभाग के औषधि निरीक्षक ब्रजराज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि औषधि हाइड्रोजन पराक्साइड का नमूना औषधि निरीक्षक आस्था वर्मा द्वारा संकलित कर प्रयोगशाला भेजा गया था। औषधि हाइड्रोजन पराक्साइड को दो बार जांच के लिए भेजा गया था जहां प्रयोगशाला द्वारा अवमानक माना गया है। इस पर औषधि का निर्माण करने वाली कंपनी गरिमा हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड इंदौर पर कार्रवाई करते हुए औषधि हाइड्रोजन पराक्साइड के विनिर्माण अनुज्ञप्ति को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।