दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 मार्च। श्री श्याम केमिकल कंपनी हथखोज में पैसों का गबन करने वाले मुख्य आरोपी को पुरानी भिलाई पुलिस ने साइबर टीम की मदद से नागपुर से पकड़ा है। अन्य फरार दो आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि श्री श्याम केमिकल्स औद्योगिक क्षेत्र हथखोज भिलाई के प्रोपराइटर कमल कुमार ने शिकायत की थी कि कंपनी के मार्केटिंग एवं रिकवरी मैनेजर का काम करने वाले रविंद्र सिंह द्वारा सुदर्शन मेटालिक्स कंपनी सिलतरा कंपनी को डिहाइड्रेड कोलटार विक्रय किया गया था। वहां से रविंद्र सिंह ने 6,57,914 रुपए व अन्य रकम, आरसी अल्युमिनियम कंपनी हथखोज से निजी लेनदेन की रकम को प्राप्त कर कंपनी मलिक को न देकर अपने साथी गितेश गिल को मेटालिक्स कंपनी का फर्जी मालिक बनकर एवं नवीन शर्मा को आरसी एल्युमिनियम कंपनी का मालिक बनाकर रकम की धोखाधड़ी की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 408, 420, 34 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ कर दी थी।
घटना के बाद से आरोपीगण फरार थे। पुरानी भिलाई एवं साइबर सेल की टीम आरोपियों की पतासाजी कर रही थी। आरोपी रविंद्र सिंह के नागपुर में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम ने नागपुर से आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि वह श्याम केमिकल हथखोज में मार्केटिंग व रिकवरी मैनेजर का काम करता था।
उसने अपने भाई जितेश गिल, अपने दोस्त नवीन शर्मा के साथ मिलकर फर्जी मालिक बनकर रकम को प्राप्त कर लिया था। गबन किए गए पैसे से उसने कर्ज चुकाया और अपने चाचा के इलाज एवं परिवार में खर्च कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।