दुर्ग

सरस्वती निर्विरोध चुनी गई जिपं अध्यक्ष दुर्ग जिपं में भाजपा का कब्जा
06-Mar-2025 3:03 PM
सरस्वती निर्विरोध चुनी गई जिपं अध्यक्ष दुर्ग जिपं में भाजपा का कब्जा

पवन शर्मा उपाध्यक्ष निर्वाचित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 मार्च।
सरस्वती बंजारे जिला पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गई है। नाटकीय घटनाक्रम के बीच कांग्रेसी जिला पंचायत सदस्य उषा सोने चुनाव प्रक्रिया में शामिल ही नहीं हुई, जिससे अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी भी नहीं उतार पाए। वहीं पवन शर्मा के जिला पंचायत उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के साथ जिला पंचायत में भाजपा अपना कब्जा जमाने में कामयाब रहा। इससे उत्साहित भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने अतिशबाजी एवं बाजे गाजे के साथ जीत का जश्न मनाया।

गौरतलब है कि 12 सदस्यीय जिला पंचायत दुर्ग में 6 भाजपा एवं 5 कांग्रेस अधिकृत प्रत्याशी जीते हैं। वहीं 1 बागी प्रत्याशी ने जीत हासिल की है, इससे जनपद पंचायत दुर्ग की तरह जिला पंचायत दुर्ग में भी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए मुकाबला रोचक होने की उम्मीद थी।  जिला पंचायत अध्यक्ष अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। इस वर्ग से कांग्रेस में एकमात्र जिला पंचायत सदस्य उषा सोने है जिसे जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने की तैयारी थी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्वाचन के लिए दोपहर 12 बजे से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने पर कांग्रेसी उनके जिला पंचायत पहुंचने का इंतजार करते रहे मगर उषा सोने निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद भी नहीं पहुंची। इससे कांग्रेस को जिला पंचायत सदस्य के लिए कोई उम्मीदवार ही नहीं मिल पाया इससे अन्य कांग्रेसी जिला पंचायत सदस्य व कार्यकर्ता मायूस थे। इधर अध्यक्ष के लिए सरस्वती बंजारे का एकमात्र नामांकन जमा होने पर उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया गया। 

सरस्वती बंजारे ने जिला पंचायत सदस्य पद के लिए हुए चुनाव में भी रिकार्ड 15719 मतों से जीत हासिल कर जिला पंचायत दुर्ग में इतिहास रचा। जिला पंचायत दुर्ग में जिला पंचायत सदस्य के लिए अब तक इतने अधिक अंतर से किसी ने भी जीत हासिल नहीं की है। अब निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होकर वे अपनी एक अलग पहचान बनाने में कामयाब रही है।


अन्य पोस्ट