दुर्ग

स्वच्छ विद्यालय-स्वस्थ विद्यालय कार्यशाला, अनेक विषयों पर चर्चा
03-Mar-2025 3:10 PM
स्वच्छ विद्यालय-स्वस्थ विद्यालय कार्यशाला, अनेक विषयों पर चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 3 मार्च।  कलेक्टिव्स फॉर लाइवलीहुड इनिशिएटिव्स द्वारा स्वच्छ विद्यालय-स्वस्थ विद्यालय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालयों में जल, स्वच्छता और स्वास्थ्य को बढ़ावा देना एवं छात्रों के लिए एक सुरक्षित, स्वस्थ एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना था। इस कार्यशाला में रसमाड़ा, पीपरछेड़ी और गनियारी के शासकीय स्कूल के प्रिंसिपल व शिक्षक, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स व राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम बतौर प्रतिभागी उपस्थित रहे।

इसमें जिले के प्रमुख अधिकारी, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग, स्वच्छ भारत मिशन के विशेषज्ञ तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। कार्यशाला के आरम्भ में शांतनु दीक्षित ने कार्यशाला के उद्देश्य और छत्तीसगढ़ में कार्यक्रम के बारे में बताया। कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में अनेक विषयों पर चर्चा की गई। इसमें प्रमुख रूप से विद्यालयों में स्वच्छता और स्वास्थ्य का समन्वय: जिला शिक्षा विभाग के स्टेटिस्टिकल ऑफिसर अमित घोष ने स्वच्छ विद्यालय कार्यक्रम के प्रमुख पहलुओं पर प्रकाश डाला।

 जल, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य को

बनाए रखने सतत प्रयास

स्वच्छ भारत मिशन टीम से डिस्ट्रिक्ट कंसल्टेंट राजेश तांडेकर ने विद्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सर्वोत्तम प्रक्रियाओं के विषय में जानकारी दी। इस दिशा में किए गए प्रयासों के बारे में संतोष और देवेंद्र चौहान ने बताया।

वहीं किशोरों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता सत्र में डॉ. अर्चना चौहान, नोडल ऑफिसर रिप्रोडक्टिव एंड चाइल्ड हेल्थ ने विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों के जुड़ाव को मजबूत करने की रणनीतियां साझा की। उन्होंने किशोरों की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों पर रोशनी डाली। इस संदर्भ में संपादित कार्यों पर डॉ. किशु वाघेला ने पोषण और डॉ. निशा मोटवानी ने मानसिक स्वास्थ्य एवं काउंिसलिंग पर जानकारी दी।

 कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उप संचालक, जिला पंचायत, काव्या जैन ने अपने सम्बोधन में  स्वच्छ विद्यालय- स्वस्थ विद्यालय विषय पर अपने विचार साझा करते हुए इसे विद्यालयों, समुदाय और प्रशासन के सामूहिक प्रयासों से साकार करने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया। कार्यशाला के समापन में धन्यवाद ज्ञापन  कमलेश मिश्रा ने किया इस अवसर पर उपस्थित विशिष्ट अतिथियों में डॉ. नारायण लाल बंजारी (ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर),  बृज शर्मा (क्लस्टर कोऑर्डिनेटर) और राजशेखर के अलावा अनेक गणमान्य अतिथि एवं 45 से ज्यादा प्रतिभागी शामिल थे।


अन्य पोस्ट