दुर्ग
दुर्ग, 2 मार्च। कार को रोक कर प्रार्थी के साथ मारपीट करने वाले चार आरोपियों के खिलाफ पुलगांव पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध किया है। प्रार्थी की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने धारा 115 (2), 126 (2), 296, 3 (5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी अनिल निर्मलकर पोटिया कला पुलगांव निवासी है और वह ड्राइवरी का काम करता है। 28 फरवरी की रात लगभग 10.30 बजे वह चार पहिया वाहन सीजी 07 ए वाई 4536 में अपने रिश्तेदारों को लेकर पोटिया कला से महमरा जा रहा था।
पोटिया चौक के आगे तुलसा मार्बल के सामने रोड में पहुंचा था, तभी दो पहिया वाहन सीजी 07 बी जे 7955 में आरोपी धरमराज देवांगन एवं शहबास अली आकर गाली गलौज कर वाहन को रुकवाए।
इसके बाद दोनों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट की।
इसी दौरान उसके दो अन्य साथी सफल गजभिए और सुजीत कुमार भी वहां पर पहुंचे। सबने मिलकर प्रार्थी से जमकर मारपीट की, जिसमें प्रार्थी को सिर, चेहरे, सीना, पीठ, पेट आदि में चोटे आई। वहीं एक रिश्तेदार बीसेलाल साहू को भी चोटे आई।