दुर्ग
दुर्ग, 2 मार्च। शराब के नशे में गाली गलौज करने वाले को मना करना प्रार्थिया को भारी पड़ गया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की। प्रार्थिया की शिकायत पर उतई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115 (2), 296, 3 (5), 351 (1) के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया राजेश्वरी बांधे निवासी डुंडेरा सुभाष चौक निवासी है। उसके घर के पास शत्रुघ्न कोसरे का मकान है, वहीं पर उसकी मां कुशल बाई सोनवानी रहती है। 28 फरवरी की दोपहर को 2 बजे प्रार्थिया अपने घर के पास थी। उसी समय शत्रुघ्न कोसरे शराब के नशे में आया और प्रार्थिया से बोला कि तुम्हारी मां कहां है उसने मेरी पत्नी से कहा है कि वह घूमते रहती है आज मैं तेरी मां को मारूंगा। यह कह कर गाली गलौज देने लगा। जब पीडि़ता ने गाली देने से मना किया तो आरोपी शत्रुघ्न कोसरे और उसकी पत्नी शशि कोसरे दोनों गुस्से में आकर जान से मारने की धमकी देकर मारपीट किये। इससे राजेश्वरी के हाथ, पैर, आंख के पास आदि में चोटे आई। इस दौरान आरोपियों ने उसकी मां कुशल बाई सोनवानी को भी मारने के लिए पकड़ लिया था, परंतु आसपास के लोगों ने छुड़ा लिया।
शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।