दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 2 मार्च। 16वां आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत शनिवार को जिला कांकेर, छत्तीसगढ़ के अति दुर्गम एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से 20 आदिवासी युवा लडक़े एवं 20 युवा लड़कियों के बारहवें जत्थे को रायपुर रेलवे स्टेशन से गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) के लिए रवाना किया गया।
सीमा सुरक्षा बल के 2 पु़रूष सुरक्षा अधिकारी और 2 महिला सुरक्षा अधिकारी भी इनके साथ रवाना हुए। ये जत्था गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) में भारत के विभिन्न राज्यों के अन्य आदिवासी युवाओं से मिलकर अन्य राज्यों की संस्कृति से रूबरू होंगे।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत आदिवासी युवक एवं युवतियों को उनके उज्ज्वल भविष्य तथा अधिकार के बारे में उचित व उपयुक्त जानकारी प्रदान की जायेगी, साथ ही साथ अन्य राज्यों से भाग लेने वाले युवक-युवतियों के बीच मेल-मिलाप बढ़ेगा, जिससे वे एक-दूसरे के खान-पान, रहन-सहन, सांस्कृतिक गतिविधियाँ एवं वेषभूषा से रूबरू होंगे। इस कार्यक्रम में सभी राज्यों के स्थानीय लोक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जायेगी। साथ ही गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) के प्रसिद्ध, दर्शनीय एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
माय भारत (नेहरू युवा केन्द्र संगठन), नई दिल्ली, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार एवं गृह मंत्रालय के संयुक्त तत्वाधान में 16वाँ आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रत्येक आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम की अवधि 07 दिन है। छत्तीसगढ के कांकेर और नारायणपुर जिले में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के नक्सल प्रभावित इलाके से इस वर्ष कुल 13 भ्रमण कार्यक्रमों के अंतर्गत 18 से 22 वर्ष आयु वर्ग के 500 चयनित युवा भाग ले रहे हैं।
इस कार्यक्रम के बारहवें जत्थे को गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) रवाना करते हुए कार्यवाहक महानिरीक्षक बलवंत सिंह पांगते, सीमा सुरक्षा बल सीमांत मुख्यालय (विशेष संक्रिया) भिलाई, छत्तीसगढ़ ने बधाई व शुभकामनाएँ दी।