दुर्ग
दुर्ग, 1 मार्च। बेजुबान बछड़ा पर क्रूरतापूर्वक पत्थर मारने एवं उसकी हत्या करने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पत्थर मारने से बछड़ा की मृत्यु हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी प्रदीप कुमार निवासी भारत माता चौक कृष्णा नगर सुपेला ने अपने घर में गाय बछड़ा का पालन पोषण किया है। 25 फरवरी की शाम को पड़ोस में रहने वाले संतु टंडन के घर में उसकी गाय का बछड़ा चला गया था, जिसे भगाने के लिए संतु टंडन ने पत्थर से मारा। जिससे बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई थी। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने मामले को विवेचना में लिया था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बछड़े पर क्रूरता पूर्वक पत्थर मार कर उसे घायल किया था और उस पर गाड़ी भी चलाया था। गाय के बछड़े को मारने के बाद घर में रखे लोहा काटने के एक्सेल ब्लेड से बछड़े का गला काटा जिससे बछड़े की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद घर में रखे पुराने प्लास्टिक की बोरी में बछड़े को भरकर उसे साइकिल से ले जाकर कोसा नगर नाला में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी संतु टंडन (28 वर्ष) पिता शिव टंडन निवासी भारत माता चौक कृष्णा नगर सुपेला को गिरफ्तार कर लिया है।