दुर्ग
निगम दफ्तर में होगा शपथ ग्रहण समारोह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 फरवरी। चुनाव परिणाम आने के करीब 15 दिन बाद नवनिर्वाचित महापौर तथा पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 1 मार्च को सुबह 11 बजे निगम कार्यालय परिसर में समारोह प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में होगा। इसके लिए निगम प्रशासन द्वारा प्रारंभिक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। 11 फरवरी को दुर्ग नगर निगम के महापौर तथा 60 पार्षद चुनने मतदान हुआ था। चुनाव परिणाम 15 फरवरी को घोषित हुआ। तब से लेकर अब तक शपथ ग्रहण की तिथि को लेकर अटकलें चल रही थी। स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी कि आखिर शपथ ग्रहण कब होगा। फिलहाल इस पर विराम लग गया है। महापौर अलका बाघमार सहित 60 पार्षद निगम द्वारा आयोजित समारोह में शपथ लेंगे।
चुनाव परिणाम के बाद नवनिर्वाचित महापौर तथा पार्षदों के नाम राजपत्र में प्रकाशित किया गया। राजपत्र में प्रकाशन के बाद ही शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हुआ। बताया जा रहा है कि 25 फरवरी को राजपत्र में प्रकाशन किया गया, जिसकी जानकारी निगम प्रशासन को दी गई। इसके बाद शपथ ग्रहण समारोह के लिए हलचल शुरू हो गई। वैसे इस बार नगर निगम दुर्ग की सत्ता में भाजपा की सरकार होगी। महापौर अलका वाघमार बड़े लीड से चुनाव जीती है। भाजपा के 40 पार्षद भी इस बार चुनाव जीतने में सफलता हासिल किए हैं। कांग्रेस के केवल 12 ही पार्षद हैं, जिन्होंने चुनाव जीता है। 8 पार्षद ऐसे हैं जो स्वतंत्र रूप से चुनाव लडक़र विजय हासिल किया।
नगर निगम दुर्ग के सभापति का चयन शपथ ग्रहण समारोह के बाद होने की संभावना है। हालांकि सभापति की रेस में कई बड़े पुराने दिग्गज बीजेपी पार्षद शामिल हैं। सभापति चयन के पश्चात मेयर इन काउंसिल का गठन किया जाएगा, जो महापौर का विशेषाधिकार है।