दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 फरवरी। सीजी 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी अंतिम चरण पर है। प्रश्न पत्र तथा गोपनीय सामग्रियों का वितरण सोमवार से शुरू हो गया। 80 केन्द्राध्यक्षों को बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्न पत्र दिए गए। केन्द्राध्यक्षों ने प्रश्न पत्र तथा गोपनीय सामग्रियों को रखने बकायदा पेटी लेकर आए थे। परीक्षा से संबंधित सभी दस्तावेजों का मिलान किया गया। इसके बाद रूट चार्ट के अनुसार बस के माध्यम से परीक्षा केंद्र के निकट पुलिस थाने में पेटियों रखी गई। 80 केंद्रों के लिए कुल 14 पुलिस थाने में पेटियों को रखने का इंतजाम किया गया था। प्रश्न पत्र वितरण के दौरान आईएएस एम भार्गव तथा जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा मौजूद थे। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के सहायक सचिव बीडी सहारे तथा परीक्षा प्रभारी अमित घोष की मौजूदगी में प्रश्न पत्रों का वितरण किया गया। दूसरे दिन यानी मंगलवार को शेष 55 केंद्रों के केंद्र अध्यक्षों को गोपनीय सामग्री वितरित की जाएगी।
10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाओं की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। 3 दिन बाद यानी 1 मार्च से 12वीं बोर्ड की परीक्षा शुरू हो जाएगी। वहीं 3 मार्च से दसवीं बोर्ड की परीक्षा शुरू होगी। परीक्षा की शुरुआत हिंदी विषय से होगी। 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए इस बार 135 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में 30060 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे। इस बार दसवीं बोर्ड में 17131 तथा 12वीं में 12929 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है जिसके प्रभारी अधिकारी अमित घोष (मोबाइल नं 8319844998) सहायक सांख्यिकी अधिकारी होंगे। इसके अलावा संजय कुमार मानिकपुरी उच्च वर्ग शिक्षक (मोबाइल नं 9685193671) भी प्रभारी अधिकारी होंगे।
बोर्ड परीक्षाओं के लिए सत्र 2024-25 के लिए 3 नये परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें शासकीय उमावि उरला दुर्ग, शासकीय उमावि जेपी नगर कैंप 2 भिलाई तथा शासकीय हाईस्कूल कानाकोट पाटन शामिल है। बंद किए गए परीक्षा केंद्रों में डीएवी मॉडल स्कूल आर्य नगर दुर्ग, महर्षि दयानंद स्कूल सेक्टर 6 भिलाई तथा विवेकानंद अंग्रेजी माध्यमिक स्कूल सेक्टर 2 भिलाई शामिल है। परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षक सहित अन्य कर्मचारियों को अलग-अलग मदों पर मानदेय दिए जाने का प्रावधान है। अब तक मानदेय की राशि केंद्र अध्यक्ष को चेक के रूप में दिया जाता था। इस व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। मानदेय की राशि स्कूल के प्राचार्य के खाते में जमा किया जा रहा है। प्राचार्य द्वारा संबंधित केंद्र अध्यक्ष को यह राशि दी जाएगी।