दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 फरवरी। अधिकारी/ कर्मचारियों के मांगों को बजट में शामिल करने की मांग छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने की है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ जिला शाखा दुर्ग के अध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने बताया कि केंद्र के समान राज्य के कर्मचारी एवं पेंशनरों को महंगाई भत्ता सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश के सभी जिलों में 17 जनवरी को मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव को कलेक्टरों के माध्यम से भोजनावकाश में ज्ञापन सौंपा गया था।
जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने आगे बताया कि चुनाव के पूर्व घोषणा पत्र (मोदी गारंटी) में किए गए वादों के अनुरूप सरकार गठन के 1 वर्ष के पश्चात भी उचित निर्णय लेकर लागू नहीं किए जाने से प्रदेश की कर्मचारियों में हताशा एवं आक्रोश व्याप्त है। इसी का शासन को ध्यान आकर्षण करने 12 सूत्रीय मांगों जिसमें प्रमुख रूप से केंद्र के समान महंगाई भत्ता, चार स्तरीय वेतनमान, 300 दिनों का अर्जित अवकाश, सभी संवर्ग के कर्मचारियों के वेतन विसंगति दूर करने, लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण करने, संविदा, दैनिक, अनियमित कर्मचारियों के रिक्त पदों को नियमित किए जाने तथा मध्य प्रदेश की भांति सेवा सुरक्षा, श्रम सम्मान निधि का भुगतान आदेश सभी विभागों में प्रदान किए जाने, अनुकंपा नियुक्ति के स्वीकृत पदों पर 10 फीसदी का नियम शिथिल करने, संघों को विभाजित मध्य प्रदेश की भांति स्थाई मान्यता दिए जाने संबंधी मांग शामिल किया है।
वर्तमान में छत्तीसगढ़ में ट्रिपल इंजन सरकार का गठन हो चुका है तथा मोदी गारंटी के तहत महिला,किसान सहित विभिन्न संवर्गों के लिए जनहित में आदेश जारी किए जा रहे हैं ऐसी स्थिति में सरकार के रीढ़ माने जाने वाले अधिकारी/ कर्मचारियों के मांगों को बजट में शामिल करने की मांग संघ द्वारा किया गया।