दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 फरवरी। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट दुर्ग तथा थाना पद्मनाभपुर पुलिस को एक गांजा तस्कर को पकडऩे में सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग 12 किलो गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत 1,50,000 रुपए आंकी गई है आरोपी ओडिशा से मध्यप्रदेश जाने के लिए पहले भी दो से तीन बार इस रूट की बसों का उपयोग गांजा तस्करी के लिए कर चुका है। दिव्यांग आरोपी जयपुर का नकली पैर लगाकर गांजा तस्करी का काम करता था।
जिले में नशे के अवैध सौदागरों के खिलाफ मुहिम चलाने के लिए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला के द्वारा नशे के सौदागरों की पतासाजी कर उनके विरूद्ध कार्रवाई करने निर्देश प्राप्त हुए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक, दुर्ग अजय सिंह, जिला ए.एन.टी.एफ. हेड अधिकारी एवं उप पुलिस अधीक्षक हेम प्रकाश नायक के मार्गदर्शन में सहायक उप निरीक्षक नरेन्द्र सिंह एसीसीयू एवं थाना प्रभारी पद्यनाभपुर निरीक्षक केशव राम कोसले के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम को कार्रवाई के लिए लगाया गया था।
टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक अज्ञात व्यक्ति जिसका एक पैर नकली लगा हुआ है दुर्ग बस स्टैण्ड में मध्यप्रदेश जाने के लिए बस की प्रतिक्षा कर रहा है। उसने अपने पास 2 कपड़े का बैग रखा है जिसमें कुछ आपत्तिजनक सामान रखा है।
सूचना पर गठित विशेष टीम द्वार बस स्टैण्ड यात्री प्रतिक्षालय दुर्ग में घेराबंदी कर मुखबिर द्वारा बताये हुलिया के आधार पर एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ पर अपना नाम धीरज वर्मा मध्य प्रदेश का रहवासी बताया। वह दो बैग दोनों हाथों में लेकर बैठा था। जांच करने पर बैग के अंदर रखे 2-2 कि.ग्रा. का 6 नग पैकेट में मादक पदार्थ गांजा वजनी लगभग 12 कि.ग्रा. के आसपास मिला। आरोपी अपनी बहन के साथ मिलकर गांजा को पुडिय़ा बनाकर बिक्री करने के लिए जे जाना बताया। आरोपी एक पैर से दिव्यांग है एवं जयपुर से नकली पैर चलने फिरने के लिए लगवाना बताया।
ओडिशा खरियार रोड से बस के माध्यम से दुर्ग बस स्टैण्ड एवं दुर्ग से जिला बैतूल मध्य प्रदेश आने-जाने का रूट बताया और इसी रूट के माध्यम से बस से 02-03 बार गांजा लेकर जाना बताया। गांजा को जब्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना पद्यनाभपुर में धारा 20 ख एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की जा रही है।