दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 फरवरी। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव के लिए सम्मिलन 5 मार्च को होगा। इसमें अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत पंच, सरपंच, जनपद एवं जिला पंचायत सदस्यों पद पर निर्वाचन के लिए तीन चरणों का मतदान पूरा हो जाने के बाद जो स्थिति बन रही है। इसके अनुसार भाजपा एवं कांग्रेस दोनों में से किसी को बहुमत नहीं मिला है। जिला पंचायत में भाजपा 6, कांग्रेस 5 एवं 1 स्वतंत्र प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। इस वर्ग से भाजपा में सरस्वती बंजारे एवं कांग्रेस की उषा सोने जिला पंचायत सदस्य चुनी गई है। इस लिहाज से दोनों में से किसी एक का अध्यक्ष बनना तय है। स्वतंत्र प्रत्याशी के रूप जिला पंचायत सदस्य चुनी गई प्रिया साहू की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी चूंकि प्रिया भाजपा की बागी है। इस लिहाज से फिलहाल भाजपा का पलड़ा भारी है क्योंकि भाजपा अपने बागी को साध लेती है तो भाजपा का अध्यक्ष बनना आसान है, ऐसे सरस्वती बंजारे का अध्यक्ष बनने की प्रबल संभावना है। कांग्रेस के लिए यह राह थोड़ा कठिन है उन्हें बहुमत के लिए बागी को साधने के साथ भाजपा अधिकृत प्रत्याशी के रूप निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य को भी तोडऩा होगा। फिलहाल दोनों ओर से जोर आजमाइश शुरू हो चुकी है। सरस्वती अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से है उपाध्यक्ष दुर्ग ग्रामीण, पाटन या साजा विधान सभाक्षेत्र को दिया जा सकता है। इस स्थिति में प्रिया दुर्ग ग्रामीण की होने की वजह से उन्हें उपाध्यक्ष पद देकर साधने का प्रयास हो सकता है।
मतगणना को लेकर प्राप्त परिणाम के अनुसार जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 1 से पवन शर्मा, क्षेत्र 2 दानेश्वर साहू, क्षेत्र 3 उषा सोने, क्षेत्र 4 सरस्वती बंजारे, क्षेत्र 5 जितेन्द्र यादव, क्षेत्र 6 प्रिया साहू, क्षेत्र 7 आशा विक्की मिश्रा, क्षेत्र 8 श्रद्धा साहू, क्षेत्र 9 देवेन्द्र चंद्रवंशी, क्षेत्र 10 लीलम चंद्राकर, क्षेत्र 11 नोमिन ठाकुर, क्षेत्र क्रमांक 12 से कल्पना साहू जिला पंचायत सदस्य चुने गए हैं। इनमें सबसे धमाकेदार जीत सरस्वती बंजारे की रही है।