दुर्ग

जनपद पंचायतों का 4 को सम्मिलन, अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का होगा चुनाव
25-Feb-2025 3:16 PM
जनपद पंचायतों का 4 को सम्मिलन, अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का होगा चुनाव

स्वतंत्र प्रत्याशी दूरी बनाए हुए हैं 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 फरवरी। 
दुर्ग जनपद से नव निर्वाचित भाजपा व कांग्रेस अधिकृत जनपद सदस्य अज्ञातवास में चले गए हैं। जनपद पंचायतों का 4 मार्च को आयोजित सम्मिलन में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। फिलहाल स्वतंत्र प्रत्याशी अज्ञातवास दूरी बनाए हुए हैं, वे अभी किसी के खेमे में शामिल नहीं है। 

सूत्रों के अनुसार दुर्ग जनपद से भाजपा अधिकृत 10 में से 9 नव निर्वाचित जनपद सदस्य दुर्ग ग्रामीण विधायक के मार्गदर्शन में अज्ञातवास में है। 1 सदस्य पारिवारिक कारणों से अभी दूर है। वहीं कांग्रेस अधिकृत नव निर्वाचित 8 जनपद सदस्य एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता के मार्गदर्शन अज्ञात स्थान पर ठहरे हुए हैं। दोनों ओर जनपद सदस्य पद पर जीतकर आए स्वतंत्र प्रत्याशियों को अपने पाले में लाने जोर आजमाइश चल रहा है मगर अब तक कोई किसी के पाले में नहीं गए हैं। ऐसे में जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए राजनीतिक समीकरण किस करवट जा सकती है यह अभी स्पष्ट नहीं हैं, क्योंकि कांग्रेस व भाजपा दोनों दुर्ग जनपद में कब्जा के लिए प्रयासरत हैं। 

प्रारंभिक संकेत के अनुसार भाजपा में अध्यक्ष पद के लिए अप्रत्याशित नाम भी सामने आ सकते हैं।  जिला एवं जनपद पंचायत सदस्यों के निर्वाचन की अधिसूचना 27 फरवरी को जारी की जाएगी। इसी दिन अध्यक्ष उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए निर्वाचित सदस्यों की सूची जारी की जाएगी। जनपद अध्यक्ष उपाध्यक्ष का निर्वाचन 4 एवं जिला पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष का निर्वाचन 5 मार्च को होगा। 

इसके पश्चात जनपद पंचायत का प्रथम विशेष सम्मिलन 7 एवं जिला पंचायत का 10 मार्च को होगा। इसी प्रकार ग्राम पंचायत के निर्वाचित सरपंच एवं पंचों की अधिसूचना भी 27 फरवरी को जारी होगी। इसके पश्चात 3 मार्च को ग्राम पंचायत के प्रथम सम्मिलन आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन पंचों को उपसरपंच निर्वाचन हेतु सूचना जारी की जाएगी। वहीं ग्राम पंचायत के उपसरपंच निर्वाचन के लिए सम्मिलन 8 मार्च को होगा।
 


अन्य पोस्ट