दुर्ग

ग्राम सरकार बनाने उत्साह, 86.63 फीसदी मतदान
24-Feb-2025 3:52 PM
ग्राम सरकार बनाने उत्साह,  86.63 फीसदी मतदान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 24 फरवरी।  त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत तृतीय चरण में रविवार को जिले के धमधा जनपद के 308 मतदान केन्द्रों में पंच, सरपंच, जनपद एवं जनपद सदस्य के लिए मतदान हुआ। इसमें धमधा क्षेत्र की ग्रामीणों ने गांव की सरकार बनाने बढ़-चढ़ कर मतदान में भाग लिया। तृतीय चरण में कुल 86.63 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें 85.96 प्रतिशत महिला एवं 87.03 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया।

धमधा विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्र में कुल 166149 मतदाता है। मतदान को लेकर प्राप्त अंतिम रिपोर्ट के अनुसार इनमें से 143937 मतदाताओं ने मतदान किया। मतदान करने वाले मतदाताओं में 72902 पुरूष एवं 71035 महिला मतदाता शामिल है।

शांतिपूर्ण ढंग से हुआ मतदान

जानकारी के मुताबिक जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अंतर्गत तृतीय (अंतिम) चरण में धमधा जनपद पंचायत में मतदान प्रक्रिया आज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर चहल-पहल बढ़ गई थी। मतदाता बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे।

जिला प्रशासन के द्वारा मतदान को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्रों पर पानी, छाया, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी, जिससे मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो। पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं के अलावा बुजुर्गों में भी काफी उत्साह मतदान में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने जोश के साथ भाग लिया।

खासकर पहली बार मतदान कर रहे युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बुजुर्ग मतदाता भी लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भूमिका निभाने पहुंचे।  धमधा में पंच, सरपंच, जनपद व जिला पंचायत सदस्य के 1274 पदों के लिए आज मतदान हुआ। इन पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरे 2774 अभ्यर्थियों के भाग्य का फैसला आज हुए मतदान से होगा। धमधा जनपद क्षेत्र के 119 ग्राम पंचायतों में पंच, सरपंच, जनपद व जिला पंचायत सदस्य के कुल 1882 पदों के लिए  3382 अभ्यर्थी मैदान में है। इनमें क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में पंच के 1734 पदों के लिए कुल 2714, सरपंच के 119 पदों के लिए 542, जनपद सदस्य 106 एवं जिला पंचायत सदस्य के लिए 20 अभ्यर्थी हैं।

धमधा जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत 119 ग्राम पंचायतों में सबसे ज्यादा 608 पंच, सरपंच व जनपद सदस्य पद पर निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति है। तहसीलदार टी.एस. खरे के अनुसार यहां 3 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मात्र 1-1 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है। इसी प्रकार जनपद सदस्य निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 24 में भी एक ही अभ्यर्थी है। वहीं पंच के 1734 में से 604 पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए। यहां पंच के 1 पद पर प्राप्त सभी नाम निर्देशन पत्र खारिज हो जाने से चुनाव मैदान में कोई नहीं है। इस  प्रकार आज शेष कुल 1274 पदों के लिए मतदान हुआ।


अन्य पोस्ट