दुर्ग
दुर्ग, 23 फरवरी। घर में ताला लगाकर प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में जाना पीडि़ता को भारी पड़ गया। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी ने दिनदहाड़े घर का ताला तोडक़र सोने चांदी के जेवरात की चोरी कर ली। प्रार्थिया की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305 ए, 331 (3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि करंजा भिलाई निवासी अनीता उर्फ माया पटेल ने शिकायत दर्ज कराई कि वह खेती किसानी का काम करती है। 12 फरवरी की सुबह 11.30 बजे घर में ताला लगाकर गांव के जनपद सदस्य प्रत्याशी पूर्णिमा वर्मा के चुनाव प्रचार में गई हुई थी। जब चुनाव प्रचार कर वह शाम 5 बजे घर वापस आई तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था, दरवाजा टिका हुआ था। बिस्तर तथा अन्य सामान बिखरा हुआ था। तकिया के नीचे से एक नग सोने की चैन, एक सोने का लॉकेट, एक जोड़ी सोने का झुमका, एक जोड़ी चांदी की पायल जो कि एक सफेद पॉलिथीन में लपेटी हुई थी, को चोर चोरी कर ले गया।
कार की ठोकर से एक्टिवा सवार घायल
दुर्ग, 23 फरवरी। गंजपारा गोकुल होटल मुख्य मार्ग के पास अज्ञात कार चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक्टिवा सवार युवक को टक्कर मार दी। इससे युवक को चोटे आई और उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायल के पिता शिवचंद कुमार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ धारा 125 ए, 281 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक 20 फरवरी की रात लगभग 12.30 बजे रोहित कुमार राम अपनी एक्टिवा सीजी 07 ए एक्स 1750 में सवार होकर शादी के कार्यक्रम में रोमन पार्क पुलगांव गया हुआ था। रात लगभग 12.30 बजे गंजपारा गोकुल होटल मुख्य मार्ग पर अज्ञात कार चालक ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। इससे रोहित कुमार के चेहरे, पैर में चोटे आई थी।
हैवी मशीन के नीचे दबकर मजदूर की मौत
दुर्ग, 23 फरवरी। भिलाई तीन थाना अंतर्गत हथखोज स्थित एक कंपनी में कार्य के दौरान हैवी मशीन के नीचे दबकर एक श्रमिक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची भिलाई तीन पुलिस ने शव को सुपेला अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। भिलाई तीन थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने बताया कि शुक्रवार की शाम को 5 बजे प्रवीण चंद्रिकापुरे (25 वर्ष) निवासी चरोदा मयूरा इन्फ्राक्चर कंपनी में कार्य कर रहा था। इस दौरान उसके ऊपर हैवी पार्ट्स कटर गिर गया, जिसके नीचे प्रवीण दब गया। कंपनी में हडक़ंप मच गया। लोगों ने इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल प्रवीण चंद्रिकापुरे को बीएम शाह अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि कंपनी ने मृतक के परिजनों को 11 लाख रुपए देने का वादा किया है इसके बाद परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया है।
जीई फाउंडेशन ने दिव्यांग बच्चों को भेंट किया उपहार
दुर्ग, 23 फरवरी। बोरसी कॉलोनी में दिव्यांग बच्चों के लिए लायंस क्लब द्वारा चलाई जा रही मानवता शाला मे शुक्रवार को सेवा भावना से कार्य करने वाले जीई फाउंडेशन के संचालक प्रदीप पिल्लै बच्चों से मिलने के लिए पहुंचे। उन्होंने मानसिक दिव्यांग बच्चों के साथ लंबा समय बिताया। स्कूल के बच्चों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर श्री पिल्ले का स्वागत किया। इस दौरान समाजसेवी प्रदीप पिल्लै ने मानसिक दिव्यांग बच्चों के लिए जिम बॉल एवं टेबल भेंट किये। प्रदीप पिल्लै ने शिक्षिकाओं से मानसिक दिव्यांग बच्चों को संभालने एवं उनके प्रशिक्षण देने के संबंध में जानकारी ली और ऐसे बच्चों की सेवा करने के लिए शिक्षिकाओं की प्रशंसा की।
वहीं बच्चों के साथ समय बिता कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान मानवता शाला की प्राचार्या श्रीमती रजनी शिर्के, शिक्षिका नरगिस खान, केयरटेकर तिलेश्वरी देशमुख एवं फाउंडेशन के प्रकाश देशमुख, अजीत सिंह भी मौजूद रहे।