दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, , 23 फरवरी। अवैध रूप से नशीली मादक पदार्थ गांजा बिक्री कर अर्जित की गई संपत्ति को सफेमा मुंबई द्वारा फ्रीजिंग का आदेश जारी हुआ है। आरोपियों द्वारा अवैध कार्य से अर्जित संपत्ति भूमि, उनके निर्माणाधीन मकान, बैंक में जमा राशि, मोटरसाइकिल बुलेट आदि को जब्त करने का आदेश जारी कराया गया है। प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई कर विवेचना की जा रही। इस तरह की कार्रवाई दुर्ग जिले में पहली बार हो रही है।
मोहन नगर पुलिस ने बताया कि 23 दिसंबर 2024 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुमन बारले निवासी तितुरडीह अपने किराए के मकान में मादक पदार्थ गांजा रखी है और उसकी बिक्री कर रही है। इस पर पुलिस के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मोहन नगर थाना प्रभारी शिव प्रसाद चंद्रा, कोतवाली थाना प्रभारी विजय यादव की टीम मौके पर पहुंचकर विधिवत कार्रवाई की थी। सुमन बारले (पांडे) तथा उसका पति शैलेंद्र पांडे, एक छोटी बहन अपचारी बालिका मिली। सुमन बारले के किराए की मकान की तलाशी ली गई थी जहां पर 8 पैकेट में सेलो टेप से लिपटा मादक पदार्थ गांजा, बिक्री की रकम 68200 रुपये मिले थे। आरोपी सुमन बारले का कथन पुलिस ने लिया था जिसमें उसने बताया था कि परिवार के सदस्य पिता संतोष बारले, बहन दीपाली बारले, दादी राम बाई बारले एवं भाई अपचारी बालक गांजा एवं शराब की बिक्री कई वर्षों से करते आ रहे हैं जिससे अर्जित लाभ से उनके द्वारा मोटरसाइकिल बुलेट, मोटरसाइकिल एक्टिवा, सोने चांदी के गहने,तितुरडीह में नजूल की भूमि खरीदे हैं। उक्त भूमि पर उनके द्वारा मकान निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। सभी आरोपियों प्रकरण में बिक्री की रकम, मोटरसाइकिल बुलेट, मोटरसाइकिल एक्टिवा, सोने चांदी के जेवर, भूमि, मकान आदि खरीदना पाए जाने से धारा 68 एफ एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण तैयार कर प्रतिवेदन सफेमा कोर्ट मुंबई भेजा गया था।
सफेमा कोर्ट से आरोपियों को उक्त संपत्ति खरीदने के संबंध में नोटिस जारी कर जवाब चाहा गया तो आरोपियों द्वारा कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया जा सकता था।
इस पर कुल 40 लाख रुपए की संपत्ति को फ्रीजिंग करने का आदेश दिया गया है।
उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक पार्क सिंह ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र देशमुख, राजेश पांडे एवं थाना मोहन नगर स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।