दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 फरवरी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में अनेक ग्राम पंचायतों के विभिन्न वार्डों में पंच पद पर दो अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला टाई रहा। इसके बाद अनेक प्रत्याशियों को सूचना दिए बिना उनकी गैर मौजूदगी में लाटरी निकालकर दूसरे पक्ष को विजयी घोषित कर दी गई। मामले में विभिन्न ग्रामों के अभ्यर्थियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इसकी शिकायत की है। शिकायतकर्ताओं ने संबंधित वार्डों में पुन: निर्वाचन कराने आदेश जारी करने मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वे पंच पद के क्रमश: घुरऊ राम चन्द्राकर ग्राम पंचायत खोपली वार्ड क्र. 13, पूजा राजपूत, ग्राम खपरी (सिलोदा) वार्ड क्र. 20, एवं अनुपा पति लेखराम ग्राम पंचायत डुमरडीह वार्ड क्र. 18 जनपद पंचायत दुर्ग जिला दुर्ग छग के प्रत्याशी है। 17 फरवरी को पंच पद हेतु चुनाव हुआ था जिसमें उनके निकटतम प्रतिद्वंदी प्रत्याशी के बीच ड्रा हुआ था इस पर उन्हें बिना सूचना दिए लाटरी निकाल कर पंच घोषित कर दिया गया है, जिसकी उन्हें जानकारी ही नहीं है। उनके द्वारा रिटर्निग आफिसर, जनपद पंचायत दुर्ग के पास शिकायत किए जाने पर रिटर्निंग अफसर द्वारा उन्हें अपने ग्राम के सचिव से सम्पर्क करने को कहा गया है।
दुर्ग जनपद अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंच पद के लिए डेढ़ दर्जन वार्डों में दो-दो अभ्यर्थियों को बराबर-बराबर मत मिलने से मुकाबला टाई रहा। गत दिनों बराबर मत पाने वाले अभ्यर्थियों के बीच लाटरी निकाल पंच का चुनाव किया गया इसमें ग्राम पंचायत खोपली वार्ड 13 अरुण कुमार, ग्राम पंचायत डुमरडीह वार्ड 18 रेखा एवं खपरी में लाटरी निकाल कर लक्ष्मी राजपूत को पंच चुना गया।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत ढाबा वार्ड 6 में उषा मढ़रिया, नगपुरा वार्ड 7 सीमा सिन्हा, रसमड़ा वार्ड 1 प्रीति सिका, वार्ड 13 तोमन साहू, रवेलीडीह वार्ड 8 सवित्री देवांगन, ढौर वार्ड 12 महेश्वरी साहू, भानपुरी वार्ड 7 रंजीता साहू, वार्ड 11 सीता ठाकुर, चिरपोटी वार्ड 2 श्यामा चरण देवदास, घुघसीडीह वार्ड 9 मंजू साहू, बेलौदी वार्ड 10 मोहन देशमुख, वार्ड 14 डाकेश कुमार, कुथरेल वार्ड 2 नीलेश देशमुख एवं ग्राम पंचायत करंजा भिलाई के वार्ड 10 शंकर साहू एवं वार्ड 12 में कृतिका लाटरी के माध्यम से पंच चुने गए।