दुर्ग

श्रम कानूनों का पालन करने सौंपा ज्ञापन
17-Feb-2025 4:08 PM
श्रम कानूनों का पालन करने  सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 फरवरी।
बंधक श्रम सतर्कता व निगरानी समिति दुर्ग ब्लॉक  सदस्य व पूर्व सरपंच रसमड़ा रामखिलावन यादव ने श्रमिकों का मुद्दा प्रबंधन के समक्ष उठाया है। इस संबंध में उन्होंने औद्योगिक ग्राम रसमड़ा में संचालित टापवर्थ स्टील प्राइवेट लिमिटेड के मालिक एवं प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा है। इसमें उन्होंने वहां कार्यरत श्रमिकों को शासन द्वारा देय पारिश्रमिक एवं श्रम कानूनों का अक्षरश: पालन करने मांग की है।

कंपनी मालिकों के नाम कंपनी प्रबंधक कमलेश पवार को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि टॉप वर्थ स्टील प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत श्रमिकों को शासन द्वारा निर्धारित न तो पारिश्रमिक दी जा रही है, और न ही अकुशल से अर्धकुशल, अर्धकुशल के कुशल एवं कुशल से उच्च कुशल की पदोन्नति वेतन वृद्धि की जा रही है। विगत कुछ माह पहले यहां कार्यरत श्रमिकों, जो लगभग 1500 से 2000 की संख्या होगी इसमें से मात्रा कुछ श्रमिकों की ही वेतन वृद्धि की गयी है, जो बाकी सैकड़ों श्रमिकों के साथ घोर अन्याय एवं शोषण है। उनका कहना है कि इसी तरह महिला श्रमिकों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम पारिश्रमिक 421 रुपये के विरुद्ध मात्रा 300 रुपये ही पारिश्रमिक दी जा रही है, बाकी राशि 121 रुपये नहीं मिलने पर उन्होंने सवाल उठाया है।

उक्त विषय में विस्तृत जानकारी प्रतिनिधि मंडल को देने एवं शासन द्वारा श्रीमिकों के हित लाभ में शासन के सभी नियमों का पालन करने 30 दिवस का समय कंपनी मालिक एवं प्रबंधन को दिया गया है। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से भाजपा बूथ अध्यक्ष सोहन निर्मलकर, भाजपा नेता रूपेश यादव, रामनारायण निषाद, भूषण वैष्णव, गन्नू चंद्राकर, बृजभूषण यादव, लव ठाकुर, नवीन देवदास, विजय कुमार ठाकुर, बैकुण्ठो रावत, तुलसी यादव, महेंद्र यादव, विक्रांत दादु यादव, रवि ठाकुर, रवि यादव, जीतू यादव, दुष्यंत निषाद, करण यादव, रामेश्वर साहू, चेमन निषाद, राजेश साहू सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण जन शामिल थे।
 


अन्य पोस्ट