दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 फरवरी। दुर्ग नगर निगम के लिए हुए चुनाव में 19 वार्डों में कांग्रेस के प्रत्याशी मुकाबले से बाहर रहे। 18 वार्डों में कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे। वहीं 1 वार्ड में तो कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी को चौथे स्थान पर संतुष्ट करना पड़ा। यही नहीं 2 वार्डों में पार्षद के लिए कांग्रेस के कोई प्रत्याशी ही नहीं थे।
वार्डवार पार्षद प्रत्याशियों को प्राप्त मतों के आंकड़े के मुताबिक वार्ड क्रमांक 1 में कांग्रेस का पार्षद प्रत्याशी चौथे स्थान पर रहा। इसी तरह वार्ड क्रमांक 6, 7, 11, 12, 15, 17, 18, 29, 31, 32, 37, 42, 47, 51, 53, 56, 58 एवं वार्ड क्रमांक 59 में तीसरे स्थान पर रहे। इन वार्डों में विजयी प्रत्याशियों को अन्य पार्टी के उम्मीदवार या निर्दलियों ने टक्कर दिया।
वैसे तो वार्ड 21 से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी द्वारा नाम वापस लेने के साथ ही कांग्रेस कमजोर पड़ती नजर आने लगी थी तो वार्ड 36 में बी फार्म में त्रुटि के चलते कांग्रेस को दूसरा बड़ा झटका लगा था।
कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी प्रेमलता साहू वार्ड 51 से लगातार दो बार पार्षद रही। इसके बावजूद इस वार्ड से पार्षद पद के लिए उतरे उनके पति पोषण लाल साहू को न केवल हार का सामना करना पड़ा बल्कि वे तीसरे स्थान पर रहे। निर्दलियों ने 8 वार्ड जीतने के साथ 10 वार्डों में विजयी प्रत्याशियों को भी टक्कर दिया
यहां पार्षद पद के लिए हुए चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों ने 8 वार्डों में न केवल जीत हासिल की बल्कि 10 वार्डों के विजयी प्रत्याशियों को टक्कर भी दी। इनमें वार्ड 6, 11, 15, 17, 18, 31, 32, 37, 51 एवं 59 में विजयी हुए प्रत्याशियों के निर्दलीय प्रत्याशी निकटतम प्रतिद्वंदी रहे। वहीं वार्ड 1 एवं 47 में आप तथा वार्ड 58 में बसपा के पार्षद प्रत्याशियों ने विजयी प्रत्याशी को टक्कर दी। पार्षद पद के लिए हुए चुनाव में दुर्ग नगर निगम में वार्ड 10 से भाजपा प्रत्याशी चंद्रशेखर चंद्राकर ने कांग्रेस के दीपेश देवांगन को 1745 मतों से हराकर सबसे ज्यादा अंतर से जीत हासिल की। वहीं वार्ड 5 से कड़े मुकाबले में सबसे कम 8 मतों से कांग्रेस प्रत्याशी विजयंत पटेल ने भाजपा के ओमप्रकाश पटेल को हराया।