दुर्ग

दुर्ग में 40 वार्डों में भाजपा, 12 में कांग्रेस की जीत
16-Feb-2025 4:08 PM
दुर्ग में 40 वार्डों में भाजपा, 12 में कांग्रेस की जीत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 फरवरी।
दुर्ग की शहरी सत्ता में भाजपा कब्जा करने में कामयाब रहा। भाजपा की महापौर प्रत्याशी अलका बाघमार ने 67295 मतों से विराट जीत हासिल कर दुर्ग नगर निगम में नया इतिहास रच दिया। यहां पार्षद पद पर 40 वार्डों भाजपा प्रत्याशी जीते। वहीं कांग्रेस की झोली में मात्र 12 वार्ड आई। 8 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने विजयश्री प्राप्त की है।

भारती विश्वविद्यालय हुई मतगणना के दौरान पहले ही राउण्ड से अलका ने बढ़त बना ली थी। उनकी यह बढ़त हर राउण्ड में बढ़ती गई। कांग्रेस प्रत्याशी एक भी राउण्ड में बढ़त नहीं बना पाई। भाजपा की अलका ने कुल 107642 मत हासिल की। वहीं कांग्रेस की प्रेमलता को मात्र 40347 मत मिले। नोटा में 2912 मत पड़े जबकि 2935 अविधिमान्य मत रहे।

मतगणना स्थल पर भारी अव्यवस्था की स्थिति रही। महापौर प्रत्याशियों को प्राप्त मतों की चक्रवार स्थल पर घोषणा नहीं हुई। मतगणना शुरू होने के 2 घंटे बाद भी मतगणना के रुझान की कोई जानकारी मीडिया सेंटर में नहीं देने पर मीडिया कर्मियों ने प्रदर्शन कर रोष जताया। मीडिया सेंटर में भी चुनाव परिणाम उद्घोषणा की व्यवस्था नहीं होने से चुनाव परिणाम की जानकारी लेने मीडिया कर्मियों को काफी परेशान होना पड़ा। मतगणना स्थल पर सुबह 11 बजे मतगणना स्थल पर मधुमख्खियों का अचानक हमला हो गया। मधुमख्खियों के झुण्ड के हमले से बचने लोग इधर उधर भागने लगे। लोगों ने जहां भी जगह मिली छिपकर मधुमख्खियों से अपने आप को बचाया।

नव निर्वाचित महापौर अलका बाघमार ने विजयश्री मिलने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि यह भाजपा और जनता जनार्दन की जीत है। जीत के लिए संगठन और पूरा शीर्ष नेतृत्व डटा रहा, इसलिए यह संगठन की भी जीत है। घोषणा पत्र के रूप में अटल विश्वास पत्र जारी किया गया था, इसमें शामिल सभी घोषणाएं पूरी करेंगे। भाजपा जो कहती है वह करती है, इसलिए जनता का भरपूर आशीर्वाद मिला। डाक मतपत्र में भी भाजपा के महापौर प्रत्याशी अलका बाघमार को एकतरफा बढ़त हासिल हुई। भाजपा की अलका को इसमें 112 मत प्राप्त हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमलता साहू को मात्र 53 मत मिले 2 मत नोटा को गया वहीं 23 मत खारिज किए गए।
 


अन्य पोस्ट