दुर्ग

कैलाश बनवासी का नया कहानी संग्रह विश्व पुस्तक मेले में लोकार्पित
14-Feb-2025 2:44 PM
कैलाश बनवासी का नया कहानी संग्रह विश्व पुस्तक मेले में लोकार्पित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 फरवरी।
नगर के चर्चित कथाकार कैलाश बनवासी के नये कहानी संग्रह ठग्स ऑफ़ हिन्दोस्तान का लोकार्पण गत दिनों संपन्न हुए विश्व पुस्तक मेला दिल्ली में हुआ। यह उनका आठवां कहानी संग्रह है, जो प्रतिष्ठित नयी किताब प्रकाशन से प्रकाशित हुआ है। इस लोकार्पण कार्यक्रम में आलोचक दुर्गा प्रसाद गुप्त बनास जन पत्रिका के सम्पादक पल्लव, युवा आलोचक पंकज शर्मा तथा युवा कथाकार उमाशंकर चौधरी और ज्योति चावला ने इन कहानियों की प्रशंसा में अपने विचार रखे। 

उल्लेखनीय है कि कहानी लेखन में सतत सक्रिय कैलाश बनवासी के अब तक सात कहानी संग्रह दो उपन्यास और समकालीन सिनेमा पर उनकी किताब सिनेमा भीतर सिनेमा प्रतिष्ठित प्रकाशन गृहों से प्रकाशित हैं। अनेक पुरस्कारों से वे सम्मानित हैं। उनकी सर्वाधिक प्रसिद्ध कहानी बाजार में रामधन देश के कई विश्विद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल है। उनकी कहानी जादू टूटता है। दिल्ली शिक्षा बोर्ड के कक्षा नवमी हिंदी पाठ्यक्रम में पढ़ाई जा रही है। उनकी कई कहानियों के अनुवाद बांगला, मराठी, मलयालम, गुजराती, पंजाबी और अंग्रेजी भाषा में हुए हैं। उनकी कृतियों पर जेएन्यू दिल्ली सहित विभिन्न विश्विद्यालयों में पांच  शोध प्रबंध हो चुके हैं तथा छह से अधिक शोध प्रबंध जारी है। 

वे वर्तमान में स्वामी आत्मानन्द स्कूल तितुरडीह में अंग्रेजी के व्याख्याता हैं। नए संग्रह के लिए उन्हें उनके स्टाफ के सभी सदस्यों ने तथा अंचल के अनेक साहित्यकारों ने बधाई दी है, जिनमें सियाराम शर्मा, रवि श्रीवास्तव, राजकुमार सोनी, लोक बाबू, विनोद मिश्र, मीता दास, घनश्याम त्रिपाठी, अंजन कुमार, अशोक तिवारी, एन.पापा राव, सुलेमान, सुरेश वाहने, अभिषेक पटेल, अम्बरीश त्रिपाठी प्रमुख हैं।


अन्य पोस्ट