दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग,12 फरवरी। दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में पिछली बार की तुलना में मतदान बहुत धीमा रहा। आज हुए मतदान के दौरान 63.78 प्रतिशत मतदाताओं ने मत डाले जबकि नगरीय निकाय चुनाव 2019 में 69.46 प्रतिशत मत पड़े थे जिसकी तुलना में इस बार दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में 5.68 प्रतिशत कम मतदान हुआ।
जानकारी के अनुसार दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में शुरू के दो घंटे में सुबह 8 से 10 बजे तक मात्र 10.32 प्रतिशत मतदान हुआ था। 10 बजे के बाद मतदान में थोड़ी गति आई इससे दोपहर 12 बजे तक 24.28 प्रतिशत मतदान हुआ अर्थात बाद के दो घंटे में लगभग 14 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर में फिर मतदान धीमा रहा। दोपहर 3 घंटे मात्र 17 प्रतिशत मतदान हुआ। इस तरह दोपहर 3 बजे तक कुल 41 प्रतिशत मतदाता मत डाल चुके थे। शाम 5 बजे तक दुर्ग निगम क्षेत्र में 55.57 प्रतिशत मतदान हुआ था।
मतदाता सूची भारी त्रुटि की शिकायत मिलती रही। कई मतदाताओं के नाम उनके निवास स्थान वाले वार्ड को छोड़ दूसरे वार्ड की मतदाता सूची में चले जाने से उन्हें काफी परेशान होना पड़ा। वार्ड 53 के पोलिंग बूथ सुबह से मतदान के लिए कतार में खड़े 35-40 लोगों बाद में पता चला कि उनका वहां मतदाता सूची में नाम नहीं है। एक मतदाता ने बताया कि उनका नाम वार्ड 53 की मतदाता सूची में है जहां उन्होंने मतदान किया। वहीं उनकी पत्नी का नाम वार्ड 54 के मतदाता सूची में चले जाने से उन्हें दूसरे वार्ड के मतदान केन्द्र में जाकर मतदान करना पड़ा। ऐसे अनेक मतदाताओं वार्ड 54 में नाम पता करने कहा गया। इसी प्रकार वार्ड 51 निवासी एक मतदाता ने बताया कि उनका व उनकी पत्नी का नाम वार्ड 51 की सूची था। वहीं उनके दो बच्चों का नाम वार्ड 50 की मतदाता सूची में चला गया है, जहां जाकर बच्चों ने मतदान किया। तिलक स्कूल स्थित मतदान केन्द्र में राहुल साहू सहित लगभग दर्जन भर मतदाताओं मतदाता सूची में नाम नहीं होने की बात कही। वार्ड 37 में बटन चिपक जाने के कारण आधा घंटे विलंब से मतदान शुरू हुआ।
नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सांख्यिकी विभाग कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाए गए है जहां बीती रात रूख नारायण दुबे ने वार्ड में पार्षद पद चुनाव लड़ रहे एक अभ्यर्थी द्वारा शराब व साड़ी बांटने की शिकायत की थी। वहीं आज कुम्हारी के वार्ड 11 निवासी विनय चौहान ने शिकायत की है कि उन्होंने पिछले लोकसभा व विधानसभा चुनाव में यही से मतदान किया था मगर नगरीय निकाय चुनाव के लिए तैयार की गई मतदाता सूची में उनका नाम नहीं जबकि परिवार के अन्य सदस्यों का नाम है।
कंट्रोल रूम में पूरे चुनाव के दौरान ऑनलाइन मात्र 4 शिकायतें मिली जबकि शिकायत सेल में दर्जन भर से अधिक आफलाइन लिखित शिकायतें आई है। दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में पिछली विधान सभा व लोकसभा चुनाव से भी कमजोर मतदान रहा। लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान यहां 69.03 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं विधानसभा चुनाव 2023 में 66.37 प्रतिशत मत पड़े थे अर्थात पिछली लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में क्रमश: 5.73 एवं 2.59 प्रतिशत कम मतदान रहा।