दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 फरवरी। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत राज संस्थाओं के 5130 पदों के लिए होने जा रहे चुनाव होने जा रहा है। इनमें से 1312 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति है निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति वाले इन पदों के लिए केवल एक -एक अभ्यर्थी ही चुनाव मैदान में है, वहीं पंच के एक पद के लिए प्राप्त सभी नामांकन पत्र खारिज हो गए हैं। इस प्रकार अब शेष 3817 पदों के लिए मतदान से चुनाव होगा जहां दो या दो से अधिक अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है।
नाम वापसी के बाद बन रही स्थिति के अनुसार पंच के 4744 पदों में से 1307 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति है। इसी प्रकार सरपंच के 300 में से 4 पदों पर सरपंच का निर्विरोध निर्वाचन तय है। वहीं जनपद सदस्य के 74 पदों में से 1 पद पर निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति है।
धमधा जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत 119 ग्राम पंचायतों सबसे ज्यादा 608 पंच, सरपंच व जनपद सदस्य पद पर निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति है। तहसीलदार टी एस खरे के अनुसार यहां 3 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मात्र 1-1 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में इसी प्रकार जनपद सदस्य निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 24 में भी एक ही अभ्यर्थी है। वहीं पंच के 1734 में से 604 पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए यहां पंच के 1 पद पर प्राप्त सभी नाम निर्देशन पत्र खारिज हो जाने से चुनाव मैदान में कोई नहीं है। इसी तरह पाटन में पंच के 1695 में से 496 में निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति है। वहीं एक ग्राम ग्राम पंचायत में भी सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हुए है। दुर्ग जनपद क्षेत्र के 73 ग्राम पंचायतो में पंच के 1315 में से 207 पर निर्विरोध निर्वाचित हुए है।
जानकारी के मुताबिक धमधा जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हसदा में सरपंच का पद अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। उक्त वर्ग का ग्राम पंचायत क्षेत्र में एक ही परिवार है। सरपंच पद के लिए उक्त परिवार के भारती खरसाने का एकमात्र नामांकन सरपंच पद के लिए प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत जोगीगुफा का सरपंच पद अनुसूचित जनजाति मुक्त आरक्षित है। उक्त वर्ग का यहां एकमात्र परिवार है। इस परिवार का राहुल नेताम यहां सरपंच पद के लिए एकमात्र अभ्यर्थी मैदान में है। क्षेत्र के ग्राम पंचायत मोहलाई का सरपंच पद अनुसूचित जनजाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित है, जहां से हेमिन समयलाल नेताम निर्विरोध सरपंच चुनी गई है।
वहीं धमधा जनपद के जनपद निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 24 से एकमात्र प्रीती देवांगन जनपद सदस्य के लिए मैदान में है। इसी तरह पाटन जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत भनसुली आर से जीवधन ठाकुर निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुए हैं।